पटना एयरपोर्ट पर कांग्रेस और पप्पू यादव समर्थकों में मारपीट
पटना एयरपोर्ट पर कांग्रेस और पप्पू यादव समर्थकों के बीच टिकट बंटवारे को लेकर विवाद हुआ, जिससे एयरपोर्ट का माहौल तनावपूर्ण हो गया। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम, प्रभारी कृष्णा अल्लावरु और विधायक दल के नेता शकील अहमद खान दिल्ली से लौटने पर एयरपोर्ट पहुंचे थे। उनका स्वागत करने आए समर्थकों के बीच अचानक झड़प हो गई। देखते ही देखते स्थिति बेकाबू हो गई और दोनों पक्षों में धक्का-मुक्की और मारपीट शुरू हो गई।
नेताओं ने बचकर निकाला
इस दौरान कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने स्थिति बिगड़ते देख खुद को सुरक्षित निकालने की कोशिश की। शकील अहमद खान की गाड़ी का साइड मिरर भी टूट गया। नाराज कांग्रेस समर्थकों ने पप्पू यादव के छात्र नेता मनीष यादव के साथ मारपीट की।
विवाद की वजह
मिली जानकारी के अनुसार, विक्रम विधानसभा सीट से नए प्रत्याशी को टिकट दिए जाने को लेकर नाराजगी थी। कांग्रेस समर्थकों ने आरोप लगाया कि पुराने कार्यकर्ताओं की अनदेखी की जा रही है और टिकट पैसे लेकर बांटे जा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि विक्रम सीट को कथित रूप से 5 करोड़ रुपये में बेचा गया है।
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल
इस विवाद के बाद सोशल मीडिया पर कई वीडियो तेजी से वायरल हुए। इन वीडियो में कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पार्टी प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम और प्रभारी कृष्णा अल्लावरु पर सौदेबाजी का आरोप लगाते देखा गया। इस घटना ने पार्टी के अंदर असंतोष को उजागर कर दिया है।