इंदौर में 22 किन्नरों ने एक साथ जहर पिया, पुलिस कर रही जांच
इंदौर के नंदलालपुरा क्षेत्र में बुधवार शाम 22 किन्नरों ने कथित तौर पर फिनायल पी लिया। घटना की जानकारी मिलने के बाद पंढरीनाथ थाना पुलिस और एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया मौके पर पहुंचे। सभी किन्नरों को तुरंत एमवाय अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
किन्नरों की स्थिति स्थिर
पुलिस के अनुसार, सभी मरीजों की हालत फिलहाल स्थिर है। घटना के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। सीएमएचओ को निर्देश दिया गया है कि प्रभावित किन्नरों का उचित उपचार सुनिश्चित किया जाए। पुलिस और प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।
पिछले विवाद का जुड़ा मामला
पुलिस की प्रारंभिक जांच में पता चला है कि इस घटना के पीछे किन्नरों के दो गुटों के बीच संपत्ति और गादी को लेकर चल रहे विवाद हो सकते हैं। इस मामले में पहले भी दोनों गुटों के बीच आरोप-प्रत्यारोप और झगड़े हुए हैं।
रेप और मारपीट का मामला दर्ज
हाल ही में, एक किन्नर ने दो मीडियाकर्मियों पर रेप और धमकी देने का आरोप लगाया था। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इन विवादों के कारण तनाव बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।
पुलिस फिलहाल मामले की गहन जांच कर रही है ताकि घटना के पीछे की सच्चाई सामने आ सके।