राम मंदिर पर ATS-NSG का सुरक्षा घेरा, पीएम मोदी कल फहराएंगे धर्मध्वजा
अयोध्या में राम मंदिर पर धर्मध्वजा फहराने के लिए तैयारियां जोरों पर हैं। मंदिर और आसपास के इलाकों में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। ATS-NSG कमांडो ने मंदिर को चारों तरफ से घेर रखा है, जबकि हेलिकॉप्टर से निगरानी की जा रही है। इसके अलावा SPG, CRPF और PAC के जवान भी तैनात किए गए हैं। सुरक्षा व्यवस्था पांच लेयर में लागू की गई है।
1000 क्विंटल फूलों से सजावट
राम मंदिर को 1000 क्विंटल फूलों से सजाया जा रहा है। मंदिर पर फहराई जाने वाली धर्मध्वजा जन्मभूमि पहुंच चुकी है। मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंदिर के 191 फीट ऊंचे शिखर पर पहली बार धर्मध्वजा फहराएंगे।
विशेष आमंत्रण और ट्रैफिक डायवर्जन
समारोह में 100 दानदाताओं को आमंत्रित किया गया है, जिन्होंने मंदिर के निर्माण में 2 करोड़ से अधिक का योगदान दिया था। हालांकि, शंकराचार्यों को आमंत्रित नहीं किया गया है। नगर निगम की टीम ने मंदिर के आसपास के क्षेत्र से स्ट्रीट डॉग और छुट्टा जानवरों को हटाने का अभियान चलाया है। 23 नवंबर की रात से 26 नवंबर तक ट्रक और ट्रैक्टर जैसी लोडर गाड़ियों की एंट्री पर रोक लगाई गई है।
सीएम योगी और संघ प्रमुख की भागीदारी
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को तैयारियों का जायजा लेने अयोध्या पहुंचेंगे, जबकि संघ प्रमुख मोहन भागवत भी समारोह में शामिल होने के लिए आज अयोध्या पहुंच रहे हैं।
Amit Pateria