रूस की अमेरिका को चेतावनी: टॉमहॉक मिसाइलें देने पर जवाबी कार्रवाई
रूस-यूक्रेन युद्ध के बीच अमेरिका और रूस के बीच तनाव बढ़ता जा रहा है। रूसी सांसद और रक्षा समिति के प्रमुख आंद्रेई कार्तपोलोव ने चेतावनी दी है कि अगर अमेरिका यूक्रेन को टॉमहॉक क्रूज मिसाइलें प्रदान करता है, तो रूस इन मिसाइलों को हवा में ही नष्ट कर देगा और लॉन्च साइट्स को भी निशाना बनाएगा।
कार्तपोलोव ने कहा कि रूस की प्रतिक्रिया सख्त और असममित होगी। उन्होंने दावा किया कि टॉमहॉक मिसाइलें युद्धक्षेत्र में कोई बड़ा बदलाव नहीं लाएंगी, क्योंकि इनकी आपूर्ति सीमित मात्रा में हो सकती है। उन्होंने यह भी कहा कि रूस को इन मिसाइलों के बारे में पूरी जानकारी है और सीरिया में इनके खिलाफ अनुभव भी है।
रूस के उप विदेश मंत्री सर्गेई रयाबकोव ने भी अमेरिका को इस पर 'गंभीरता से' विचार करने की अपील की। उन्होंने आगाह किया कि यह कदम स्थिति को खतरनाक रूप से बदल सकता है।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि यूक्रेन को मिसाइलें देने से पहले यह सुनिश्चित करना होगा कि उनका इस्तेमाल किस तरह होगा, ताकि रूस-यूक्रेन संघर्ष और न बढ़े। हालांकि, उन्होंने संकेत दिया कि इस मुद्दे पर किसी हद तक फैसला लिया जा चुका है।
रूस ने स्पष्ट किया है कि अगर यूक्रेन को टॉमहॉक मिसाइलें मिलीं, तो उन्हें छिपाना असंभव होगा, और रूस ड्रोन और मिसाइलों की मदद से लॉन्च वाहनों को नष्ट कर देगा।