शिवराज के बेटे कार्तिकेय बने एमपी वॉलीबॉल संघ के निर्विरोध अध्यक्ष

· 1 min read
शिवराज के बेटे कार्तिकेय बने एमपी वॉलीबॉल संघ के निर्विरोध अध्यक्ष

शिवराज के बेटे कार्तिकेय बने मध्य प्रदेश वॉलीबॉल संघ के निर्विरोध अध्यक्ष

केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के बेटे कार्तिकेय सिंह चौहान की खेल प्रशासन में एंट्री हो गई है। रविवार को भोपाल में हुए चुनाव में उन्हें मध्य प्रदेश वॉलीबॉल संघ का निर्विरोध अध्यक्ष चुना गया। चुनाव अधिकारी एडवोकेट दिलीप मालवीय ने चुनाव प्रक्रिया संपन्न कराई। इस चुनाव में प्रदेश के 33 जिला संघों के प्रतिनिधि शामिल हुए। कार्तिकेय को 2026-2030 के कार्यकाल के लिए यह जिम्मेदारी सौंपी गई है।

नई कार्यकारिणी का गठन

नई कार्यकारिणी में अनवर खान को वरिष्ठ उपाध्यक्ष, विधायक आशीष शर्मा और राम पांडे को उपाध्यक्ष, सतीश जोशी को महासचिव और विशाल शर्मा को कोषाध्यक्ष चुना गया। डीआर सिंह और राजेश शुक्ला संयुक्त सचिव बनाए गए हैं। कार्यकारिणी सदस्यों में आशीष सिंह, भूपेन्द्र कांत, राजेन्द्र चतुर्वेदी, मेरिट खिलाड़ी श्वेता शर्मा और रीवा के कृष्णानंद शामिल हैं।

विकास योजनाएं और चैंपियनशिप को मंजूरी

अध्यक्ष निर्वाचित होने के बाद कार्तिकेय सिंह चौहान ने प्रदेश में वॉलीबॉल के समग्र विकास के लिए मध्यप्रदेश वॉलीबॉल खेल नीति 2026 का प्रारूप जल्द तैयार करने की बात कही। उन्होंने कहा कि प्रदेश के हर जिले में खेल को बढ़ावा देने के लिए रोडमैप बनाया जाएगा। नई प्रतिभाओं को अवसर देने, खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और जिला संघों को आर्थिक सहायता देने पर भी काम किया जाएगा। कार्तिकेय ने संघ के पदाधिकारियों, जिला संघों के प्रतिनिधियों और सदस्यों का आभार जताते हुए कहा कि उनका प्रयास सभी के विश्वास पर खरा उतरने का रहेगा। वॉलीबॉल को प्रदेश के हर गांव और युवा तक पहुंचाना प्राथमिकता होगी। बैठक में विभिन्न आयु वर्गों की राज्य स्तरीय वॉलीबॉल चैंपियनशिप आयोजित कराने की स्वीकृति भी दी गई। साथ ही संघ की वैधानिक स्थिति के संबंध में सदन को विस्तृत जानकारी दी गई।

Ravi Yadav