सीएम ने ऑनलाइन जुड़कर संतों से मांगी माफी
शरद पूर्णिमा महोत्सव में सीएम की अनुपस्थिति पर संत हुए नाराज
मध्य प्रदेश के सीहोर जिले में स्थित महर्षि उत्तम स्वामी आश्रम में शरद पूर्णिमा महोत्सव का आयोजन किया गया। यह महोत्सव समर्पण सेवा समिति और अखिल भारतीय गुरु भक्त मंडल द्वारा आयोजित किया जाता है। इस बार यह आयोजन अपने 19वें वर्ष में है।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नहीं पहुंचने पर उत्तम स्वामी महाराज नाराज हो गए। उन्होंने मंच से कहा कि ऐसे व्यक्ति, जिनके पास सेवा प्रकल्प के लिए समय नहीं है, उन्हें मंच पर बुलाने की आवश्यकता नहीं है।
कार्यक्रम के दौरान जब अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जोड़ने का प्रस्ताव रखा, तो महाराज ने इसे अस्वीकार कर दिया। बाद में मुख्यमंत्री ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जुड़कर सार्वजनिक रूप से उत्तम स्वामी महाराज से माफी मांगी।
तीन दिवसीय महोत्सव में डिप्टी सीएम डॉ. राजेंद्र शुक्ल सहित कई मंत्री और विधायक शामिल हुए। इस अवसर पर विभिन्न पुरस्कार भी वितरित किए गए।
महोत्सव में कई संतों की उपस्थिति
महोत्सव में 1008 महामंडलेश्वर उत्तम स्वामीजी महाराज, संत श्री रामदास त्यागी और संपूर्णानंदजी महाराज जैसे संतों ने भाग लिया। कार्यक्रम का मार्गदर्शन अशोक पांडे, संघचालक मध्यभारत प्रांत द्वारा किया गया।