CM योगी ने 12 हजार मुहर्रम जुलूस पर दंगे-कर्फ्यू नहीं होने का किया दावा

· 1 min read
CM योगी ने 12 हजार मुहर्रम जुलूस पर दंगे-कर्फ्यू नहीं होने का किया दावा

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हाथरस में 548 करोड़ रुपये की 143 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। उन्होंने कानून-व्यवस्था, विकास, मुहर्रम जुलूस, औद्योगिक निवेश और विपक्ष के मुद्दों पर विस्तार से बात की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 से पहले प्रदेश में दंगे आम बात थे, लेकिन पिछले नौ वर्षों में प्रदेश में कोई दंगा नहीं हुआ। हाल ही में मुहर्रम के दौरान 12 हजार जुलूस निकले, लेकिन कहीं भी दंगा या कर्फ्यू जैसी स्थिति नहीं बनी। उन्होंने कहा कि इस बार मुहर्रम के दौरान न तो ताजियों के लिए किसी भवन के छज्जे तोड़ने पड़े और न ही हाईटेंशन बिजली लाइनें हटानी पड़ीं। पहले जुलूसों के दौरान अव्यवस्था और उपद्रव की शिकायतें आती थीं, लेकिन अब शांतिपूर्ण माहौल में आयोजन हो रहे हैं, जिससे विकास का रास्ता मजबूत हुआ है।

हाथरस का उद्योग और आलू किसानों का किया जिक्र

मुख्यमंत्री ने कहा कि हाथरस अब विकास की मुख्यधारा से जुड़ चुका है। यहां तेजी से औद्योगिक निवेश हो रहा है और प्रोसेसिंग सेंटर स्थापित किए जाएंगे। इससे आलू किसानों को अपनी उपज का बेहतर मूल्य मिलेगा और कोल्ड स्टोरेज की समस्या का समाधान होगा। उन्होंने बताया कि आगरा में अंतरराष्ट्रीय पोटैटो सेंटर को मंजूरी दी गई है, जिससे किसानों को बेहतर गुणवत्ता के बीज उपलब्ध होंगे और उत्पादन बढ़ेगा।

अखिलेश यादव पर साधा निशाना

मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि वे धर्मनगरी बनाने की बात करते हैं, जबकि उनकी सरकार में रामभक्तों पर गोलियां चलीं, कांवड़ यात्रा पर रोक लगाई गई और जन्माष्टमी जैसे आयोजनों पर भी प्रतिबंध लगाए गए। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार मंदिरों के विकास का काम कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि अखिलेश यादव को रामलला के दर्शन करने चाहिए और खुलकर कृष्ण जन्मभूमि के मुद्दे पर भी अपनी राय रखनी चाहिए। उन्होंने कहा कि कृष्ण जन्मभूमि को भी सम्मान मिलना चाहिए और इस विषय पर स्पष्ट रुख अपनाना चाहिए।

आपातकाल और कांग्रेस पर भी बोला हमला

मुख्यमंत्री ने 25 जून 1975 को लगाए गए आपातकाल का जिक्र करते हुए कांग्रेस पर संविधान का गला घोंटने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि उस समय अनेक विपक्षी नेताओं को जेल भेजा गया था। उन्होंने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी आज कांग्रेस के साथ खड़ी होकर उसी इतिहास का समर्थन कर रही है।

'अब पूरे प्रदेश का हो रहा विकास'

मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले विकास केवल सैफई तक सीमित माना जाता था, जबकि डबल इंजन सरकार में प्रदेश के सभी 75 जिलों का समान विकास हो रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार तुष्टीकरण नहीं, बल्कि अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लक्ष्य के साथ काम कर रही है।

बस स्टैंड और मेडिकल कॉलेज पर दिया भरोसा

मुख्यमंत्री ने कहा कि उनका हाथरस दौरा पहले 23 जून को प्रस्तावित था, लेकिन एक दुखद घटना के कारण कार्यक्रम स्थगित करना पड़ा। उन्होंने जनप्रतिनिधियों की मांगों का उल्लेख करते हुए सिकंदराराऊ बस स्टैंड और मेडिकल कॉलेज से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक धनराशि उपलब्ध कराने का आश्वासन भी दिया।

Sharad Shrivastava