सतना विंध्य व्यापार मेले के महिला शौचालय में युवती का वीडियो वायरल
मध्य प्रदेश के सतना स्थित बीटीआई ग्राउंड में चल रहे विंध्य व्यापार मेले के दौरान एक शर्मनाक घटना सामने आई है। मेले के रामगढ़ सेक्शन में बने महिला बाथरूम में एक युवती का आपत्तिजनक वीडियो बनाकर उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया।
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल, प्रबंधन में हड़कंप
वीडियो के सोशल मीडिया पर वायरल होते ही मेला प्रबंधन के बीच हड़कंप मच गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए मेला प्रबंधन के प्रतिनिधि देर रात कोलगवां थाने पहुंचे और अज्ञात असामाजिक तत्वों के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने दर्ज की FIR, साइबर सेल कर रही जांच
शिकायत के आधार पर पुलिस ने तुरंत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब साइबर सेल की मदद से वीडियो के स्रोत का पता लगा रही है, ताकि आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया जा सके।
हजारों की भीड़ के बीच सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
विंध्य व्यापार मेला शहर का बड़ा आयोजन है, जहां रोजाना हजारों महिलाएं और युवतियां पहुंचती हैं। इतने बड़े आयोजन के सार्वजनिक बाथरूम में हुई इस घटना से लोगों में डर और आक्रोश है। घटना के बाद मेले की सुरक्षा व्यवस्था कटघरे में आ गई है और प्रबंधन पर लापरवाही के आरोप लग रहे हैं।
कड़ी कार्रवाई का आश्वासन
पुलिस का कहना है कि आरोपी को ट्रेस करने के प्रयास तेज कर दिए गए हैं और उसकी पहचान होने पर उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जांच जारी है और पुलिस एवं साइबर सेल मिलकर मामले को सुलझाने में जुटे हुए हैं।
Faraz Khan