विदिशा में युवती से छेड़छाड़ का विरोध करने पर युवक की हत्या
मध्य प्रदेश के विदिशा जिले की इंद्रप्रस्थ कॉलोनी में शनिवार रात एक 22 वर्षीय युवक नंदू उर्फ शुभम चौबे की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। वह एयर कंडिशनर की मरम्मत का काम करता था। पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई।
छेड़छाड़ के विरोध के बाद बढ़ा विवाद
पुलिस के अनुसार नंदू चौबे ने करैया खेड़ा रोड निवासी चुन्नी और उसके साथियों को एक युवती से छेड़छाड़ करने से रोका था। यह मामला उस समय थाने तक नहीं पहुंचा था, लेकिन इसी विवाद के चलते शनिवार रात को हमला किया गया।
बाइक से आए बदमाश, घर से बुलाकर हमला
बताया गया कि शनिवार रात करीब 8 बजे चुन्नी अपने साथियों के साथ बाइक से इंद्रप्रस्थ कॉलोनी पहुंचा। आरोपियों ने नंदू को उसके घर से बाहर बुलाया और उस पर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। घटना के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।
लोग देखते रहे, अस्पताल में मौत
हमले के समय आसपास के कुछ लोग मौजूद थे, लेकिन किसी ने भी नंदू को बचाने की कोशिश नहीं की। गंभीर रूप से घायल होने के बाद मोहल्ले के लोगों ने उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। स्थानीय लोगों के अनुसार नंदू मिलनसार स्वभाव का युवक था।
सीसीटीवी फुटेज से जांच, हत्या का मामला दर्ज
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। मामले की गंभीरता को देखते हुए एडिशनल एसपी प्रशांत चौबे भी घटनास्थल पर आए और जांच शुरू करवाई। सामने आए सीसीटीवी फुटेज में आरोपी अपने साथियों के साथ नंदू के साथ मारपीट करते नजर आ रहे हैं।
आरोपियों की तलाश जारी
एडिशनल एसपी प्रशांत चौबे ने बताया कि चाकूबाजी की सूचना पर पुलिस तुरंत अस्पताल पहुंची, लेकिन तब तक युवक की मौत हो चुकी थी। पुलिस टीम ने घटनास्थल की बारीकी से जांच की है। सीसीटीवी के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। उनके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी गई है।
Arvind Vishwakarma