रोजगार मेले में 51 हजार युवाओं को मिलेगा नियुक्ति पत्र
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शनिवार को आयोजित होने वाले 19वें रोजगार मेले में देशभर के 51 हजार से अधिक नव नियुक्त युवाओं को सरकारी नौकरी के नियुक्ति पत्र वितरित करेंगे। प्रधानमंत्री सुबह 11 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कार्यक्रम में शामिल होंगे और चयनित युवाओं को संबोधित भी करेंगे।
बिहार में नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम
बिहार में नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम पटना, गया, हाजीपुर और समस्तीपुर में आयोजित किया जाएगा। राजधानी पटना में कार्यक्रम का आयोजन दानापुर रेल परिसर में किया गया है, जहां रेलवे और अन्य केंद्रीय विभागों में चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपे जाएंगे।
रोजगार सृजन को प्राथमिकता
केंद्र सरकार के अनुसार प्रधानमंत्री की रोजगार सृजन को प्राथमिकता देने की नीति के तहत रोजगार मेला अभियान लगातार चलाया जा रहा है। अब तक आयोजित 18 रोजगार मेलों के माध्यम से करीब 12 लाख युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए जा चुके हैं। 19वें रोजगार मेले का आयोजन देशभर के 47 स्थानों पर किया जा रहा है। इसमें विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं और चयन प्रक्रियाओं के जरिए चुने गए अभ्यर्थियों को केंद्र सरकार के मंत्रालयों और विभागों में नियुक्ति दी जाएगी।
नियुक्तियां विभिन्न मंत्रालयों में
सरकारी जानकारी के अनुसार नियुक्तियां मुख्य रूप से रेल मंत्रालय, गृह मंत्रालय, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, वित्तीय सेवा विभाग और उच्च शिक्षा विभाग समेत कई केंद्रीय संस्थानों में की जाएंगी। रोजगार मेले के जरिए युवाओं को पारदर्शी और तेज भर्ती प्रक्रिया के तहत नौकरी उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। नियुक्ति पत्र मिलने को लेकर चयनित अभ्यर्थियों और उनके परिवारों में उत्साह का माहौल है।
Amit Pateria