अजित पवार का अंतिम संस्कार: पत्नी ने चढ़ाया गंगाजल, बेटों ने दी मुखाग्नि; अमित शाह समेत कई दिग्गजों ने दी श्रद्धांजलि

· 1 min read
अजित पवार का अंतिम संस्कार: पत्नी ने चढ़ाया गंगाजल, बेटों ने दी मुखाग्नि; अमित शाह समेत कई दिग्गजों ने दी श्रद्धांजलि

अजित पवार का अंतिम संस्कार, पत्नी ने गंगाजल चढ़ाया; बेटों ने दी मुखाग्नि

महाराष्ट्र के पूर्व उपमुख्यमंत्री अजित पवार का अंतिम संस्कार गुरुवार को बारामती के काटेवाड़ी स्थित विद्या प्रतिष्ठान मैदान में पूरे राजकीय सम्मान के साथ संपन्न हुआ। उनके बेटों पार्थ और जय पवार ने उन्हें मुखाग्नि दी। इस दौरान पत्नी सुनेत्रा पवार ने अपने पति के पार्थिव शरीर पर गंगाजल चढ़ाकर अंतिम विदाई दी। अंतिम संस्कार में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, चाचा शरद पवार, उनकी बेटी सुप्रिया सुले, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे समेत कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे। अभिनेता रितेश देशमुख और मनसे प्रमुख राज ठाकरे भी श्रद्धांजलि देने पहुंचे थे।

हजारों की संख्या में पहुंचे समर्थक, बारामती में लगा जाम

अजित पवार के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए महाराष्ट्र के अलावा अन्य राज्यों से भी हजारों की संख्या में लोग पहुंचे। बारामती में बुधवार देर रात से ही लोगों का जमावड़ा शुरू हो गया था, जिसके कारण सुबह के वक्त कई इलाकों में भारी जाम की स्थिति बन गई। समर्थक बाइक, ट्रैक्टर-ट्रॉली और बसों से पहुंचे, जिससे अंतिम यात्रा एक से दो किलोमीटर तक लोगों की भीड़ से घिरी रही। समर्थकों ने 'अजित पवार अमर रहें' के नारे लगाए और नम आंखों से अपने नेता को अंतिम विदाई दी।

प्लेन क्रैश में हुआ था निधन, महाराष्ट्र में 3 दिन का राजकीय शोक

अजित पवार का निधन बुधवार सुबह बारामती एयरपोर्ट के पास एक चार्टर्ड प्लेन क्रैश में हुआ था। वे 66 वर्ष के थे और 5 फरवरी को पुणे में होने वाले जिला परिषद चुनावों के लिए चार रैलियों को संबोधित करने वाले थे। इस दुखद हादसे में पवार के सुरक्षाकर्मी, दो पायलट और एक महिला क्रू समेत कुल 5 अन्य लोगों की भी जान चली गई थी। पवार के निधन पर महाराष्ट्र में तीन दिन का राजकीय शोक घोषित किया गया है।

विमान दुर्घटना की जांच जारी

हादसे की जांच एयरक्राफ्ट एक्सीडेंट इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो (AAIB) ने शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, बारामती एयरफील्ड अनकंट्रोल्ड है। विमान ने सुबह 8:18 बजे बारामती से पहली बार संपर्क किया था। पायलट ने रनवे 11 पर लैंडिंग के दौरान "रनवे नजर नहीं आ रहा" बताया था, जिसके बाद विमान हवा में चक्कर लगाने लगा। दूसरी बार अप्रोच करने के बाद भी पायलट ने रनवे न दिखने की बात कही, हालांकि कुछ देर बाद रनवे नजर आने की पुष्टि की। सुबह 8:43 बजे लैंडिंग की अनुमति दी गई, लेकिन विमान ने रीडबैक नहीं दिया। सुबह 8:44 बजे, एयर ट्रैफिक कंट्रोल ने रनवे 11 के थ्रेशहोल्ड के पास आग की लपटें देखीं। विमान का मलबा रनवे 11 के थ्रेशहोल्ड के पास, रनवे से 50 मीटर दूर बाईं तरफ पाया गया। पायलट ने कोई इमरजेंसी सिग्नल या 'मेडे' कॉल नहीं किया था। विमान की ऑपरेटर कंपनी VSR वेंचर्स ने दावा किया है कि पायलट सुमित कपूर को 16 हजार घंटे और को-पायलट शांभवी पाठक को 1500 घंटे का फ्लाइंग एक्सपीरियंस था, और विमान में कोई तकनीकी खामी नहीं थी।

राजनीतिक जगत में शोक और प्रतिक्रियाएं

अजित पवार के आकस्मिक निधन से राजनीतिक जगत में शोक की लहर दौड़ गई। उनके चाचा शरद पवार ने इसे एक दुर्भाग्यपूर्ण दुर्घटना बताते हुए लोगों से इस पर राजनीति न करने की अपील की। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने हादसे की न्यायिक जांच की मांग की और कहा कि अजित पवार शरद पवार की एनसीपी में वापसी करने वाले थे। कांग्रेस नेता विजय वडेट्टीवार ने अजित पवार को 'विजनरी लीडर' बताया और कहा कि महाराष्ट्र ने एक सितारा खो दिया है, जिसकी भरपाई मुश्किल है।

Pushpendra Chaubey