लखनऊ कोल्ड स्टोरेज में भीषण आग, 50 घर खाली कराए गए
लखनऊ के चिनहट थाना क्षेत्र में स्थित हिमालयन कोल्ड स्टोरेज में रविवार सुबह भीषण आग लग गई। आग इतनी भीषण थी कि घटनास्थल से 4 किलोमीटर दूर से भी धुएं का गुबार दिखाई दे रहा था। मौके पर फायर ब्रिगेड की 15 गाड़ियां और 2 हाइड्रोलिक मशीनें आग बुझाने में जुटी थीं।
6 घंटे बाद आग दोबारा भड़की, राहत कार्य में बाधा
लगभग 6 घंटे की मशक्कत के बाद आग दोबारा तेजी से भड़क गई। पुलिस ने एहतियातन पास की दयाल रेजीडेंसी के करीब 50 घरों को खाली करा लिया। कोल्ड स्टोरेज में हल्दी, मिर्च सहित किराने का सामान रखा हुआ था, साथ ही कुछ हिस्से में लकड़ी और बुरादा भी मौजूद था।
मिर्च के धुएं से अग्निशमन कर्मियों को परेशानी
कोल्ड स्टोरेज में रखी मिर्च के जलने से निकलने वाले तीखे धुएं ने अग्निशमन कर्मियों के लिए राहत कार्य को मुश्किल बना दिया। धुआं इतना तीखा था कि फायर ब्रिगेड के कर्मचारी अंदर नहीं जा पा रहे थे और खांसने लगे। टिन शेड के ऊपर और हाइड्रोलिक मशीन से पानी डालकर आग पर काबू पाने का प्रयास जारी है। तेज हवा चलने से धुएं का रुख बदलने पर कुछ अग्निशमन कर्मी धुएं की चपेट में भी आए, लेकिन उन्होंने मोर्चा नहीं छोड़ा।
स्थानीय निवासियों ने बताया कि इस कोल्ड स्टोरेज (जो अब गोदाम बन चुका है) की वजह से कॉलोनी में जलभराव की समस्या होती है और इसे हटाने के लिए कई बार शिकायतें की जा चुकी हैं।
राहत की बात यह है कि अब तक किसी जनहानि की सूचना नहीं है। आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है।
Vivek Singh