अमित शाह की बिहार के तीन जिलों में चुनावी जनसभा
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज बिहार के दरभंगा, समस्तीपुर और बेगूसराय जिलों में एनडीए प्रत्याशियों के लिए चुनावी जनसभाओं को संबोधित करेंगे। इन तीन जिलों में एनडीए के कुल सात प्रत्याशियों के लिए वोट अपील की जाएगी।
दरभंगा में जनसभा
अमित शाह सबसे पहले 12:15 बजे दरभंगा के अलीनगर स्थित पोहद्दी बेला हाई स्कूल ग्राउंड में जनसभा करेंगे। इस सभा में एनडीए के चार प्रत्याशी दरभंगा ग्रामीण, बेनीपुर, अलीनगर और गौड़ाबौराम विधानसभा सीटों से शामिल होंगे। दरभंगा ग्रामीण से जदयू प्रत्याशी ईश्वर मंडल, बेनीपुर से प्रो. विनय कुमार चौधरी, अलीनगर से भाजपा प्रत्याशी मैथिली ठाकुर और गौड़ाबौराम से भाजपा प्रत्याशी सुजीत कुमार सिंह मंच पर मौजूद रहेंगे।
समस्तीपुर में जनसभा
इसके बाद दोपहर 1:30 बजे समस्तीपुर के रोसरा में अमित शाह कर्पूरी स्टेडियम में जनसभा करेंगे। इस जनसभा में भाजपा प्रत्याशी वीरेंद्र कुमार पासवान के लिए वोट अपील की जाएगी। कार्यक्रम स्थल पर तीन हैंगर बनाए गए हैं, जहां 50 हजार लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है। भाजपा जिला अध्यक्ष ने दावा किया है कि एक लाख से अधिक लोग इस सभा में पहुंचेगे।
बेगूसराय में जनसभा
अमित शाह तीसरी और अंतिम जनसभा बेगूसराय के बछवाड़ा विधानसभा क्षेत्र में भगवानपुर प्रखंड मुख्यालय के पास करेंगे। यहां एनडीए के दो प्रत्याशी सुरेंद्र मेहता और रजनीश कुमार के लिए वोट अपील की जाएगी। सभा स्थल पर दो जर्मन हैंगर लगाए गए हैं। केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने भी कार्यक्रम स्थल का जायजा लिया है।
तीन स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था
अमित शाह की जनसभाओं के लिए तीन स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की गई है। हेलीपैड और मंच की सुरक्षा एसपीजी के जिम्मे रहेगी। सभा स्थल पर पैरा मिलिट्री फोर्स तैनात की गई है और प्रवेश स्थल पर जिला पुलिस की निगरानी रहेगी। मेटल डिटेक्टर से जांच के बाद ही लोगों को अंदर प्रवेश दिया जाएगा। महिलाओं के लिए अलग प्रवेश द्वार बनाया गया है।
इन जनसभाओं को लेकर स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं में उत्साह है। सांसद गोपालजी ठाकुर ने इस अवसर को ऐतिहासिक बताया है और जनता से बड़ी संख्या में पहुंचने की अपील की है।
Gulzar Ahmad