जयप्रकाश हॉस्पिटल परिसर में ANM अभ्यर्थियों का रातभर धरना जारी
राजधानी के जयप्रकाश हॉस्पिटल, तुलसी नगर स्थित संचालक स्वास्थ्य सेवाएं कार्यालय परिसर में ANM अभ्यर्थियों का विरोध प्रदर्शन उग्र हो गया है। मंगलवार को दिनभर धरना देने के बाद भी 20-25 महिलाएं रात में भी वहीं डटी रहीं। भीषण गर्मी के बावजूद, वे खुले आसमान के नीचे बैठकर अपनी मांगों को लेकर नारेबाजी करती रहीं।
कोर्ट से जीत के बाद भी नियुक्ति नहीं
अभ्यर्थियों का कहना है कि जब तक उन्हें नियमित नियुक्ति नहीं दी जाती, वे आंदोलन जारी रखेंगी। उन्होंने वर्ष 2023 में ANM के नियमित पदों के लिए आवेदन किया था और भर्ती प्रक्रिया में विसंगतियों के खिलाफ कोर्ट का रुख किया था। कोर्ट से फैसला उनके पक्ष में आने के बावजूद, अब तक नियुक्ति नहीं दी गई है।
आश्वासन का लॉलीपॉप और संविदाकर्मियों की अनदेखी
प्रदर्शनकारी ममता हिरवे ने बताया कि वे पहले भी कई बार आंदोलन कर चुकी हैं, यहां तक कि 9 दिन का आमरण अनशन भी किया गया था। उस दौरान उन्हें जल्द नियुक्ति का आश्वासन दिया गया था, लेकिन 9 माह बीतने के बाद भी स्थिति जस की तस बनी हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि विभाग द्वारा जारी सूचियां औपचारिकता मात्र हैं और बार-बार उन्हीं नामों को दोहराया जा रहा है जिनकी नियुक्ति पहले ही हो चुकी है। वहीं, वर्षों से संविदा में सेवाएं दे रहीं और कोविड काल में काम कर चुकी अभ्यर्थियों को नजरअंदाज किया जा रहा है। महिलाओं का कहना है कि उन्हें सिर्फ "आश्वासन का लॉलीपॉप" दिया जा रहा है और न्यायपालिका के आदेशों की भी अनदेखी की जा रही है।
रात में भी जारी इस धरने ने प्रशासन पर दबाव बढ़ा दिया है। अब तक कोई ठोस समाधान सामने नहीं आया है, जिससे यह स्पष्ट है कि आने वाले दिनों में यह आंदोलन और तेज हो सकता है।
Bhavanesh Soni