अन्नामलाई की नई पार्टी को जबरदस्त जनसमर्थन, 10 घंटे में 10 लाख रजिस्ट्रेशन
तमिलनाडु BJP उपाध्यक्ष करु नागराजन ने भी दिया इस्तीफा
तमिलनाडु भाजपा के पूर्व अध्यक्ष के. अन्नामलाई की नई पार्टी ‘इधु नम्मा इयक्कम’ को शुरुआत में ही बड़ा जनसमर्थन मिलने का दावा किया गया है। अन्नामलाई के अनुसार, आंदोलन शुरू होने के 10 घंटे के भीतर 10 लाख से ज्यादा लोगों ने रजिस्ट्रेशन कराया है।
अन्नामलाई ने इसे लोगों का आंदोलन बताते हुए कहा कि यह राज्य के भविष्य को लेकर साझा सोच और मिशन का प्रतीक है। अन्नामलाई ने 2 जून को भाजपा की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था। इसकी चिट्ठी शुक्रवार को सामने आई।
अन्नामलाई के समर्थन में भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष करु नागराजन ने भी पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में कहा- मैंने और कई भाजपा नेताओं ने अन्नामलाई का समर्थन करने का फैसला किया है।
अन्नामलाई की नई पार्टी 2031 का विधानसभा चुनाव लड़ेगी
अन्नामलाई ने भाजपा से इस्तीफा देने के बाद 5 जून को नई पार्टी बनाने की घोषणा की। सोशल मीडिया पर वीडियो मैसेज में कहा, ‘आज हम अपना स्वतंत्र आंदोलन खड़ा कर रहे हैं। हमारी पार्टी तमिलनाडु में 2031 का विधानसभा चुनाव लड़ेगी।’
उन्होंने ‘We The Leaders’ नाम से नया प्लेटफॉर्म और wetheleader.org वेबसाइट भी लॉन्च की। इसके साथ ही कोयंबटूर में एपीजे अब्दुल कलाम सेंटर फॉर इथिक्स एंड पॉलिटिक्स संस्थान भी स्थापित करने की घोषणा की है। अन्नामलाई कर्नाटक कैडर के आईपीएस अधिकारी रहे हैं।
बदलाव और आम आदमी की राजनीति का वादा
अन्नामलाई आईपीएस अधिकारी रहे हैं और उन्होंने छह साल भाजपा में बिताए। नौकरी छोड़कर 2020 में भाजपा से जुड़ने के बाद पार्टी ने उन्हें प्रदेश उपाध्यक्ष और फिर अध्यक्ष बनाया। उन्होंने तमिलनाडु में भाजपा को मजबूत करने का प्रयास किया और अपनी आक्रामक राजनीति के कारण लोकप्रिय हुए। राज्य प्रमुख पद से हटाए जाने और एआईएडीएमके के साथ भाजपा के गठबंधन को लेकर वह नाराज थे।
तमिलनाडु में इसी साल हुए विधानसभा चुनाव में BJP का प्रदर्शन
तमिलनाडु में इसी साल विधानसभा चुनाव हुए थे। 4 मई को आए नतीजों में एक्टर विजय की पार्टी TVK ने कांग्रेस और अन्य छोटी पार्टियों के साथ मिलकर सरकार बनाई। DMK को 59 और AIADMK को 47 सीटों पर जीत मिली। AIADMK के साथ गठबंधन में चुनाव लड़ने वाली भाजपा ने 27 सीटों पर उम्मीदवार उतारे थे, लेकिन केवल एक सीट पर जीत हासिल कर सकी थी। चुनावी नतीजों के बाद से ही अन्नामलाई के पार्टी छोड़ने की चर्चाएं शुरू हो गई थीं।
Sharad Shrivastava