बेगूसराय में राहुल गांधी ने मछुआरों संग मछली पकड़ी, PM मोदी पर साधा निशाना
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने बिहार के बेगूसराय में चुनावी सभा को संबोधित करने के बाद मछुआरों के साथ तालाब में मछली पकड़ी और तालाब में नहाने का आनंद लिया। इस दौरान वीआईपी प्रमुख मुकेश सहनी, कांग्रेस नेता कन्हैया कुमार और कांग्रेस प्रत्याशी अमिता भूषण भी उनके साथ मौजूद थीं।
PM मोदी पर तीखा हमला
सभा में राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि मोदी 56 इंच की छाती होने के बावजूद डरपोक हैं। उन्होंने महात्मा गांधी और इंदिरा गांधी का जिक्र करते हुए कहा कि वे कभी किसी से नहीं डरते थे। राहुल ने आरोप लगाया कि मोदी ट्रम्प और अडाणी-अंबानी से डरते हैं। उन्होंने कहा कि चुनाव के बाद मोदी बड़े उद्योगपतियों की मांगें पूरी कर देते हैं और चुनाव जीतने के लिए वे कुछ भी कर सकते हैं।
बिहार के विकास पर सवाल
राहुल गांधी ने बिहार के युवाओं से सवाल करते हुए कहा कि जिस तरह उन्होंने दुबई और बेंगलुरु जैसे शहर बनाए हैं, उसी तरह बिहार को क्यों नहीं विकसित कर पाए हैं। उन्होंने नालंदा विश्वविद्यालय का उदाहरण देते हुए कहा कि एक समय यह दुनिया का शिक्षा का केंद्र था, लेकिन आज यहां केवल पेपर लीक की खबरें आती हैं।
राहुल गांधी के इस दौरे में उन्होंने बिहार के विकास, शिक्षा और रोजगार के मुद्दों पर जोर दिया और जनता से संवाद किया।
Lokendra Mishra