भाई दूज पर बंद होंगे केदारनाथ धाम के कपाट
केदारनाथ धाम के कपाट 23 अक्टूबर 2025 को भाई दूज के दिन सुबह 8:30 बजे बंद किए जाएंगे। इसके पहले भगवान शिव की समाधि पूजा विधिवत की जाएगी।
समाधि पूजा और कपाट बंद करने की प्रक्रिया
मध्य रात्रि से सुबह 4 बजे तक आम भक्त के दर्शन की अनुमति होगी। इसके बाद सुबह 5 बजे से 6 बजे तक समाधि पूजा संपन्न होगी, जिसमें बाबा केदार के स्वयंभू लिंग को भस्म, अनाज, फल, फूल, रुद्राक्ष और सफेद कपड़ों से ढका जाएगा। सुबह 6 बजे गर्भगृह का द्वार बंद किया जाएगा और 8:30 बजे मुख्य द्वार परंपरानुसार बंद किया जाएगा।
शीतकालीन गद्दीस्थल की यात्रा
बाबा केदार की चल विग्रह डोली 23 अक्टूबर को केदारनाथ से प्रस्थान कर रामपुर में रात्रि विश्राम करेगी। 24 अक्टूबर को यह गुप्तकाशी पहुंचेगी और 25 अक्टूबर को ऊखीमठ के ओंकारेश्वर मंदिर में पहुंचेगी। यहां बाबा केदार की छह महीने तक शीतकालीन पूजा होगी।
बदरी-केदार मंदिर समिति के अध्यक्ष ने बताया कि इस वर्ष रिकॉर्ड संख्या में यात्री केदारनाथ पहुंचे हैं।
Gulzar Ahmad