योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी का हरिद्वार में अंतिम संस्कार
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माता सावित्री देवी ने शुक्रवार सुबह 10:45 बजे पैतृक गांव पंचूर (पौड़ी) में घर पर अंतिम सांस ली। वे 91 वर्ष की थीं। योगी रात भर मां के पार्थिव शरीर के पास बैठे रहे और अन्न-जल ग्रहण नहीं किया।
शनिवार को योगी मां के पार्थिव शरीर के साथ पंचूर से हरिद्वार पहुंचे। अंतिम यात्रा के दौरान वे रो पड़े। घर से मां की अर्थी को कंधा देकर एंबुलेंस तक पहुंचाया और बार-बार रुमाल से आंसू पोछते रहे। हरिद्वार के चंडी घाट पर योगी ने स्वयं मां की चिता सजाई और पैर छूकर विदाई दी।
मुख्यमंत्री ने अपने सबसे छोटे भाई महेंद्र मोहन बिष्ट के साथ मां को मुखाग्नि दी। अंतिम संस्कार के दौरान बाबा रामदेव और चिदानंद समेत 13 अखाड़ों के आचार्य और महंतों ने मंत्र पढ़े।
घाट पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और केशव प्रसाद मौर्य, मंत्री संजय निषाद समेत 50 से अधिक वीआईपी उपस्थित रहे।
योगी ने मां के अंतिम संस्कार की तस्वीरें 'X' पर पोस्ट करते हुए लिखा - "अंतिम प्रणाम मां..."। साथ ही महाभारत का एक श्लोक भी साझा किया, जिसका अर्थ है - 'मां जैसी कोई छाया नहीं, कोई आश्रय नहीं, कोई प्रेम नहीं, कोई सुरक्षा नहीं, कोई जीवनदाता नहीं।'
अंतिम संस्कार के बाद योगी शाम को लखनऊ लौटेंगे, जहां वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम में भाग लेंगे।
Rajiv Tripathi