भारत ने अमेरिका के लिए डाक सेवा अस्थायी रूप से बंद की
भारत ने अमेरिका की नई टैरिफ नीतियों के तहत 25 अगस्त से अमेरिका के लिए ज्यादातर डाक सेवाओं को अस्थायी रूप से बंद करने का फैसला किया है। यह कदम अमेरिका द्वारा 30 जुलाई 2025 को जारी एक आदेश के बाद लिया गया है, जिसमें 800 अमेरिकी डॉलर तक के आयातित सामान पर टैरिफ छूट को समाप्त कर दिया गया। हालांकि, 100 अमेरिकी डॉलर तक की वस्तुएं टैरिफ छूट के अंतर्गत रहेंगी।
अमेरिका के नए टैरिफ नियम
अमेरिकी सरकार के नियमों के अनुसार, 29 अगस्त से अमेरिका में प्रवेश करने वाले सभी सामान इंटरनेशनल इमरजेंसी इकोनॉमी पावर एक्ट (IEEPA) टैरिफ के तहत सीमा शुल्क के लिए पात्र होंगे। सीबीपी (अमेरिकी सीमा शुल्क और सीमा सुरक्षा) ने एयरलाइंस और अन्य संबंधित एजेंसियों को डाक शिपमेंट पर टैरिफ वसूलने के निर्देश दिए हैं। हालांकि, अभी टैक्स संग्रह व्यवस्था को अंतिम रूप नहीं दिया गया है।
डाक सेवा बंद करने का कारण
अमेरिका जाने वाली एयरलाइंस ने परिचालन और तकनीकी तैयारियों की कमी को इस निर्णय का मुख्य कारण बताया है। इन परिस्थितियों को देखते हुए भारतीय डाक विभाग ने 25 अगस्त से अमेरिका जाने वाली सभी प्रकार की डाक वस्तुओं की बुकिंग अस्थायी रूप से रोकने का निर्णय लिया है।