भोपाल हॉस्पिटल में युवक की मौत पर हंगामा, नर्स का CPR वीडियो वायरल

· 1 min read
भोपाल हॉस्पिटल में युवक की मौत पर हंगामा, नर्स का CPR वीडियो वायरल

भोपाल के निजी अस्पताल में युवक की मौत के बाद हंगामा

भोपाल के हबीबगंज थाना क्षेत्र स्थित अक्षय अस्पताल में इलाज के दौरान 32 वर्षीय विशाल जोगी की मौत के बाद परिजनों ने जमकर हंगामा किया और अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही के आरोप लगाए। घटना शनिवार देर रात की बताई जा रही है।

नर्स का CPR देते हुए वीडियो सामने आया

हंगामे से पहले का एक वीडियो सामने आया है, जिसे विशाल के एक परिजन ने रिकॉर्ड किया था। वीडियो में बेड पर लेटे मरीज को एक नर्स सीपीआर देकर रिवाइव करने की कोशिश करती दिख रही है। उसी दौरान मौजूद परिजन मरीज की स्थिति देखकर रोने लगते हैं, जबकि वीडियो रिकॉर्ड कर रहा व्यक्ति अस्पताल में एक भी डॉक्टर मौजूद न होने का आरोप लगाता है।

परिजनों के लापरवाही के आरोप, अस्पताल ने किया खंडन

बरखेड़ी निवासी विशाल जोगी अक्षय अस्पताल में भर्ती था और शनिवार शाम से उसकी हालत बिगड़ने लगी थी। परिजनों का कहना है कि उनके बार-बार कहने के बावजूद कोई सीनियर डॉक्टर मरीज को देखने नहीं आया। वहीं, अस्पताल प्रबंधन ने इन आरोपों को गलत बताते हुए कहा कि स्थिति के अनुसार उपचार किया गया था और आरोप निराधार हैं।

हंगामे के दौरान स्टाफ और गार्ड अस्पताल से निकल गए

अस्पताल स्टाफ के अनुसार, करीब 30 से अधिक लोग अचानक अस्पताल पहुंच गए और हंगामा शुरू कर दिया। स्थिति बिगड़ते देख अस्पताल का स्टाफ और गार्ड खुद को बचाने के लिए अस्पताल से बाहर निकल गए। उस समय अस्पताल में केवल नाइट ड्यूटी पर तैनात दो सफाईकर्मी ही मौजूद रहे।

अस्पताल में तोड़फोड़, मरीज की स्थिति पहले से गंभीर होने का दावा

अस्पताल कर्मियों का कहना है कि विशाल की स्थिति पहले से ही गंभीर थी और इसकी जानकारी परिजनों को पहले ही दे दी गई थी। उनका दावा है कि डॉक्टरों ने युवक को बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हो सके। इसके बावजूद युवक की मौत के बाद परिजन आक्रोशित हो गए और अस्पताल में लगे कांच, कुर्सियां, बोर्ड सहित अन्य सामान में तोड़फोड़ कर दी।

पुलिस को सूचना, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई

अस्पताल प्रबंधन ने हंगामे की जानकारी पुलिस को दी। थाने से मिली जानकारी के अनुसार, शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Arvind Vishwakarma