भोपाल के सायाजी होटल के स्टोर रूम में भीषण आग, टेंट का सारा सामान खाक

· 1 min read
भोपाल के सायाजी होटल के स्टोर रूम में भीषण आग, टेंट का सारा सामान खाक

भोपाल के सायाजी होटल के स्टोर रूम में आग, टेंट और कपड़े जलकर राख

भोपाल के भदभदा क्षेत्र में स्थित सायाजी होटल के स्टोर रूम में सोमवार सुबह आग लगने की घटना सामने आई। घटना के समय स्टोर रूम में रखा टेंट और अन्य कपड़े का सामान जलकर राख हो गया।

जनरेटर में शॉर्ट सर्किट से लगी आग

होटल कैंपस में आगे की ओर बने स्टोर रूम में सोमवार सुबह जनरेटर चालू था। इसी दौरान शॉर्ट सर्किट हुआ, जिससे स्टोर में रखे टेंट, चादर और अन्य कपड़ों में आग लग गई। देखते ही देखते आग तेजी से फैल गई और पूरा स्टोर रूम धुएं से भर गया।

दमकल की डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू

आग लगने की सूचना मिलते ही माता मंदिर समेत आसपास के फायर स्टेशनों से दमकल वाहन मौके पर पहुंचे। नगर निगम और पुलिस का अमला भी तुरंत घटनास्थल पर पहुंचा। कपड़ों में लगी आग की लपटें करीब 10 फीट ऊंचाई तक उठती रहीं और धुआं भदभदा ब्रिज से भी साफ दिखाई दे रहा था। दमकल कर्मियों और होटल कर्मचारियों ने मिलकर लगभग डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

होटल में अफरा-तफरी, बड़ा हादसा टला

आग लगने के दौरान होटल में कई यात्री ठहरे हुए थे, जिससे कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि, स्टोर रूम और मुख्य होटल बिल्डिंग के बीच लगभग 50 मीटर की दूरी होने के कारण बड़ा हादसा होने की आशंका कम रही। आग पर काबू पाने के बाद स्थिति सामान्य होने लगी और मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली।

Pushpendra Chaubey