भोपाल की लकड़ी फैक्ट्री में भीषण आग, 100 टैंकर पानी से 9 घंटे में पाया काबू

· 1 min read
भोपाल की लकड़ी फैक्ट्री में भीषण आग, 100 टैंकर पानी से 9 घंटे में पाया काबू

भोपाल: लकड़ी फैक्ट्री में भीषण आग, 9 घंटे में पाया काबू

भोपाल के गोविंदपुरा इंडस्ट्रियल एरिया में स्थित शुभम एंटरप्राइजेस फैक्ट्री में शुक्रवार-शनिवार की देर रात भीषण आग लग गई। फैक्ट्री में बड़ी मात्रा में लकड़ी, प्लाईवुड, दरवाजे, ब्लैकबोर्ड और ज्वलनशील केमिकल तथा थ्रिनर भरा होने के कारण आग तेजी से भड़क गई।

आग बुझाने के लिए 100 टैंकर पानी का इस्तेमाल

आग की सूचना मिलते ही विभिन्न फायर स्टेशनों से दमकलें और पानी के टैंकर मौके पर पहुंचे। नगर निगम के करीब 50 से अधिक अधिकारी-कर्मचारी रातभर आग बुझाने के काम में जुटे रहे। करीब 9 घंटे की मशक्कत के बाद आग की लपटों पर काबू पाया जा सका। इस दौरान लगभग 100 टैंकर पानी का इस्तेमाल किया गया।

आग बुझाने में आई चुनौतियाँ

फायर प्रभारी सौरभ पटेल ने बताया कि फैक्ट्री में लकड़ी और केमिकल होने के कारण आग बुझने का नाम नहीं ले रही थी। आग बुझाने के लिए दो जेसीबी मशीनों की मदद से फैक्ट्री की बिल्डिंग के स्ट्रक्चर को तोड़ा गया और लकड़ी को अलग-अलग किया गया। केमिकल की वजह से आग और भड़क रही थी, जिससे काबू पाने में काफी मुश्किल हुई।

आसपास की फैक्ट्रियों को बचाया

दमकलकर्मियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आग को आसपास की तीन से चार फैक्ट्रियों में फैलने से रोका। इसके लिए कनेक्टिंग पाइंट पर लगातार पानी का छिड़काव किया गया।

शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका

शुरुआती जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है। इस आग से करोड़ों रुपए के नुकसान का अनुमान है।

Bhavanesh Soni