भोपाल में होटल घटना पर मुस्लिम समाज का प्रदर्शन, गिरफ्तारी की मांग
भोपाल में दो दिन पहले एक होटल में ठहरे युवक-युवती के पकड़े जाने और कथित तौर पर मुस्लिम युवक के साथ मारपीट व आपत्तिजनक शब्दों के इस्तेमाल के मामले ने तूल पकड़ लिया है। इस घटना के विरोध में मंगलवार रात को मुस्लिम समाज के सैकड़ों लोग सड़क पर उतर आए। हमीदिया अस्पताल के पास रात 11 बजे के करीब लोगों की भीड़ जुट गई, जिससे अस्पताल के गेट बंद करने पड़े।
विधायकों ने संभाला मोर्चा, समझाइश देकर हटाया
मौके पर पहुंचे विधायक आतिफ अकील और आरिफ मसूद ने भीड़ को समझाने-बुझाने का प्रयास किया। रात 12 बजे के बाद तक लोग मौके पर डटे रहे, जिसके चलते पुलिस ने भारी सुरक्षा बल तैनात कर बैरिकेडिंग भी की। विधायक अकील ने बताया कि लोगों को समझाइश देकर हटा दिया गया है।
क्या है पूरा मामला?
यह मामला रविवार को गौतम नगर इलाके के प्राइड होटल का है। हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं ने होटल में ठहरे एक युवक और युवती को पकड़ा था। आरोप है कि युवक के चेहरे पर स्याही और गोबर पोता गया, उसे अर्धनग्न कर पीटा गया और फिर गोविंदपुरा पुलिस के हवाले कर दिया गया। हालांकि, युवती का कहना था कि वह युवक के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही है और उसके साथ कोई जबरदस्ती नहीं हुई है।
आपत्तिजनक शब्दों के इस्तेमाल से समाज नाराज
मंगलवार को मुस्लिम समाज के लोग काजियात में इकट्ठा हुए। उनका आरोप था कि युवक के साथ मारपीट के दौरान आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया गया, जो कि गलत है। शहर काजी सैयद मुश्ताक अली नदवी ने भी समाजजनों को संबोधित किया।
पुलिस कंट्रोल रूम पर मांगें
इसके बाद समाजजन पुलिस कंट्रोल रूम पहुंचे। वहां उन्होंने आरोपियों की गिरफ्तारी और उनका जुलूस निकालने की मांग की। समाज का कहना है कि आपत्तिजनक शब्दों के इस्तेमाल से उनकी भावनाओं को ठेस पहुंची है। समाज के अरबाज मिर्जा ने बताया कि आरोपियों की 24 घंटे में गिरफ्तारी की मांग की गई है, अन्यथा शहर बंद करने की चेतावनी दी गई है। इस दौरान विधायक आरिफ मसूद, आतिफ अकील, एआईएमआईएम के मोहसिन अली भी मौजूद थे।
युवती का बयान
थाने में पूछताछ के दौरान युवती ने बताया कि वह पिछले करीब पांच साल से आरिफ खान के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही है और उसके खिलाफ कोई कानूनी कार्रवाई नहीं चाहती। उसने यह भी स्पष्ट किया कि उसके साथ कोई जबरदस्ती या गलत व्यवहार नहीं हुआ है। उसने बताया कि युवक के जेल जाने के बाद वह इन दिनों जिस रूम में रह रही है, वहां बाहरी युवकों की एंट्री नहीं है, लिहाजा दोनों होटल के रूम में मिलने पहुंचे थे।
Amit Pateria