अमिताभ बच्चन के बंगले जलसा को 20 दिन में तीसरी बार बम से उड़ाने की धमकी
गुरुवार को मिला नया धमकी भरा ईमेल
मुंबई में गुरुवार सुबह 10:52 बजे एक ईमेल प्राप्त हुआ जिसमें अमिताभ बच्चन के बंगले जलसा को बम से उड़ाने की धमकी दी गई। यह 20 दिनों में इस तरह की तीसरी धमकी है। ईमेल के सब्जेक्ट में पंजाब नेशनल बैंक (PNB) की मुंबई ब्रांच में दोपहर 1:11 बजे बम धमाका होने की बात लिखी गई थी। ईमेल में 27 नवंबर और 31 दिसंबर सहित कई तारीखों का भी उल्लेख किया गया।
ईमेल में मुंबई के कई बैंकों को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। साथ ही खालिस्तान और कथित संगठन खालिस्तान नेशनल आर्मी का जिक्र भी किया गया। ईमेल भेजने के लिए [email protected] अकाउंट का इस्तेमाल किया गया था। यह ईमेल PNB के मुंबई जोनल ऑफिस, कफ परेड स्थित लोकल क्राइम ब्रांच (LCB) और दक्षिण मुंबई के जवेरी बाजार ब्रांच को भेजा गया था।
एक अधिकारी के अनुसार फिलहाल धमकी की विश्वसनीयता और ईमेल भेजने वाले की वास्तविक पहचान की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां मामले की जांच कर रही हैं।
पहले भी मिल चुकी हैं इसी तरह की धमकियां
इससे पहले 15 दिनों के अंतराल में दूसरी बार ऐसा ईमेल मिला था। उस ईमेल में बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE), वर्ली रेसकोर्स और बॉम्बे हाईकोर्ट को भी उड़ाने की धमकी दी गई थी। तब भी मुंबई पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर थीं।
और भी पहले 23 अक्टूबर को मुंबई की मेयर रितु तावड़े को एक धमकी भरा ईमेल आया था जिसमें बच्चन के बंगले को बम से उड़ाने की बात लिखी गई थी।
Amit Pateria