भोपाल की कवर्ड कॉलोनी में STF की बड़ी कार्रवाई: मकान से मिला अवैध नशीले कफ सिरप का जखीरा, एक हिरासत में
राजधानी भोपाल के गांधीनगर इलाके में स्थित डोबरा पटेल सिटी कॉलोनी में गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात एसटीएफ ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक मकान से भारी मात्रा में अवैध नशीले कफ सिरप का जखीरा बरामद किया है। कार्रवाई देर रात करीब 12 बजे शुरू हुई, जो तड़के सुबह 3 बजे तक जारी रही।
मुखबिर की सूचना पर हुई कार्रवाई
एसटीएफ की टीम ने मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर कॉलोनी स्थित एक मकान पर दबिश दी। तलाशी के दौरान मकान के दो अलग-अलग कमरों में बड़ी मात्रा में नशीले कफ सिरप के कार्टन और बोतलें रखी मिलीं। टीम ने मौके से कफ सिरप के सैंपल लेकर जांच के लिए भेज दिए हैं। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई तय की जाएगी।
एसटीएफ अधिकारियों के मुताबिक लंबे समय से सूचना मिल रही थी कि गांधीनगर क्षेत्र से अवैध रूप से नशीले कफ सिरप की सप्लाई की जा रही है। इसी आधार पर टीम ने देर रात छापा मार कार्रवाई को अंजाम दिया। हालांकि स्थानीय गांधीनगर पुलिस को कार्रवाई की घनत्व नहीं लगी।
पूछताछ और आगे की जांच
कार्रवाई के दौरान एसटीएफ के कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद रहे। टीम ने मौके से एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है, जिससे पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि बरामद कफ सिरप को अवैध रूप से बाजार में खपाया जा रहा था।
मकान मालिक से संपर्क नहीं
जानकारी के अनुसार जिस मकान में कार्रवाई की गई, वह किसी मालवीय नामक व्यक्ति का बताया जा रहा है। हालांकि खबर लिखे जाने तक एसटीएफ का मकान मालिक से संपर्क नहीं हो सका था।
एसटीएफ अब यह पता लगाने में जुटी है कि अवैध कफ सिरप का नेटवर्क किन लोगों से जुड़ा हुआ है और इसकी सप्लाई किन क्षेत्रों में की जा रही थी। मामले में जल्द ही बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।
Janmejay Chaturvedi