भोपाल में यात्री बसों पर सख्त कार्रवाई: 3.82 लाख से अधिक का जुर्माना, एक बस की फिटनेस निरस्त
परिवहन आयुक्त के निर्देश पर क्षेत्रीय परिवहन विभाग के फ्लाइंग स्क्वाड ने शनिवार को शहर में यात्री बसों की सघन चेकिंग अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन संचालकों पर कड़ी कार्रवाई की गई।
फिटनेस में खामी मिलने पर बस की फिटनेस निरस्त
जांच के दौरान एमपी13-P-7033 नंबर की यात्री बस में गंभीर लापरवाही सामने आई। बस में लगे फायर एक्सटिंग्विशर की वैधता समाप्त हो चुकी थी और आपातकालीन खिड़की भी आसानी से नहीं खुल रही थी। यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए अधिकारियों ने बस की फिटनेस तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दी।
परमिट उल्लंघन पर वसूला गया जुर्माना
चेकिंग के दौरान कुल 8 बसों में परमिट शर्तों के उल्लंघन पाए गए। इन बस संचालकों से समन शुल्क के रूप में 1 लाख 13 हजार 500 रुपए वसूले गए।
एक दिन पहले भी हुई थी कार्रवाई
इससे पहले 16 मई 2026 को भी परिवहन विभाग ने 3 बसों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 2 लाख 69 हजार 100 रुपए का जुर्माना वसूला था।
सुरक्षा से समझौता बर्दाश्त नहीं
परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया है कि यात्रियों की सुरक्षा के साथ किसी भी तरह का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आने वाले दिनों में भी इसी तरह का सघन चेकिंग अभियान जारी रहेगा।
Bhavanesh Soni