भोपाल में युवती की छत से गिरने से संदिग्ध मौत
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के चूना भट्टी थाना क्षेत्र स्थित पारिका सोसाइटी में बुधवार को एक युवती की छत से गिरने के बाद मौत का मामला सामने आया है। पुलिस ने शुरुआती तौर पर इसे गिरने से हुई मौत मानते हुए मर्ग कायम किया है, लेकिन पूरे घटनाक्रम को संदिग्ध मानकर जांच शुरू कर दी गई है।
युवती की पहचान और घटना का समय
चूना भट्टी थाना प्रभारी धर्मेंद्र मौर्य के अनुसार मृतक युवती की पहचान प्रिया मेहरा के रूप में हुई है, जिसकी उम्र करीब 21 से 22 वर्ष बताई गई है। बुधवार दोपहर करीब 12 से 1 बजे के बीच उसके छत से गिरने की सूचना पुलिस को मिली थी। इससे पहले प्रिया सुबह लगभग 10 बजे घर से यह कहकर निकली थी कि वह नूतन कॉलेज जा रही है।
पारिका सोसाइटी पहुंचने का उद्देश्य स्पष्ट नहीं
जानकारी के अनुसार प्रिया बाद में चूना भट्टी स्थित पारिका सोसाइटी पहुंची, जहां से उसके गिरने की घटना सामने आई। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि वह वहां किस उद्देश्य से गई थी और घटना के समय वह वहां किस कारण मौजूद थी।
पुराना पड़ोसी अस्पताल लेकर पहुंचा
पुलिस के मुताबिक प्रिया को अस्पताल पहुंचाने वाला युवक कपिल तुषार है, जो उसका पुराना पड़ोसी बताया जा रहा है। दोनों के बीच परिचय की बात सामने आई है। हालांकि घटना के समय दोनों किस परिस्थिति में वहां मौजूद थे, इस संबंध में पुलिस कपिल तुषार सहित अन्य लोगों से पूछताछ कर रही है।
पुलिस की जांच और आगे की कार्रवाई
थाना प्रभारी ने बताया कि फिलहाल पुलिस ने सिर्फ गिरने से मौत का मामला दर्ज किया है। यह दुर्घटना थी, आत्महत्या का मामला है या किसी अन्य वजह से युवती छत से गिरी, इन सभी पहलुओं की बारीकी से जांच की जा रही है। छत से गिरने की परिस्थितियों, युवती की वहां मौजूदगी और युवक की भूमिका को लेकर पुलिस आगे और पूछताछ करेगी।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार
पुलिस ने बताया कि मृतका नूतन कॉलेज में पढ़ती थी, जिसकी पुष्टि उसके परिवार से की जा रही है। फिलहाल शव को पोस्टमॉर्टम के लिए हमीदिया अस्पताल भेजा गया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर ही आगे की कानूनी कार्रवाई तय की जाएगी।
Pushpendra Chaubey