बिहार मंत्रिमंडल का विस्तार 7 मई को गांधी मैदान में
बिहार की राजनीति में 7 मई का दिन बेहद अहम होने जा रहा है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने घोषणा की है कि 7 मई को पटना के गांधी मैदान में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में मंत्रिमंडल विस्तार कार्यक्रम होगा। कार्यक्रम को भव्य और ऐतिहासिक बनाने की तैयारी जोरों पर है।
बड़े नेताओं की उपस्थिति
संजय सरावगी ने बताया कि इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा, भाजपा के राष्ट्रीय स्तर के नेता नितिन नवीन और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की उपस्थिति भी रहेगी। इन दिग्गज नेताओं की मौजूदगी से यह कार्यक्रम न केवल राज्य बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर भी खास महत्व रखता है।
सुशासन और विकास को गति
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि यह कैबिनेट विस्तार राज्य में सुशासन और विकास को गति देने के उद्देश्य से किया जा रहा है। नए मंत्रियों के शामिल होने से सरकार की कार्यक्षमता बढ़ेगी और विभिन्न विभागों में बेहतर समन्वय स्थापित होगा। उन्होंने यह भी बताया कि विस्तार में सामाजिक और क्षेत्रीय संतुलन का विशेष ध्यान रखा जाएगा, ताकि सभी वर्गों का प्रतिनिधित्व हो सके।
गांधी मैदान में शपथ से बड़ा संदेश
गांधी मैदान में तमाम मंत्रियों को शपथ दिलाने के साथ ही कार्यकर्ताओं को बड़ा संदेश देने की कोशिश की जा रही है। बिहार में पहली बार बीजेपी का मुख्यमंत्री बनने के बाद अपने कार्यकर्ताओं को बीजेपी संदेश दे रही है कि बीजेपी के लिए यह बड़ा मौका है। जो बीजेपी एनडीए में सहयोगी के रूप में सरकार में शामिल होती थी वह आज मुख्यमंत्री की कुर्सी पाकर मुख्य भूमिका में है। पूरे बिहार से बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं को गांधी मैदान में आने का न्योता दिया गया है, ताकि लाखों लोगों के बीच में बिहार की बीजेपी की सत्ता का संदेश आम जनता तक पहुंचाया जा सके। बीजेपी के तमाम जिलाध्यक्षों को अपने कार्यकर्ता के साथ पटना पहुंचने को कहा गया है।
बिहार में बीजेपी का मुख्यमंत्री बनने का फैसला होने के साथ ही यह तय हो गया था कि बीजेपी सत्ता के बदलाव को ऐतिहासिक बनाने के लिए गांधी मैदान में शपथ कराएगी, लेकिन बंगाल विधानसभा चुनाव नजदीक होने के कारण शीर्ष नेतृत्व ने ये फैसला किया कि बंगाल चुनाव के बाद बड़े स्तर पर शपथ समारोह रखा जाएगा। इसलिए मुख्यमंत्री पद का शपथ ग्रहण समारोह साधारण रखा गया। यहीं कारण भी था कि मुख्यमंत्री के साथ सिर्फ दो उपमुख्यमंत्री को शपथ दिलाया गया। इसके साथ ही तमाम मंत्रियों का शपथ बंगाल चुनाव तक टाल दिया गया था। आज जब बंगाल में बीजेपी की प्रचंड जीत हुई है तो उस जीत के बहाने गांधी मैदान से प्रधानमंत्री से लेकर तमाम बड़े नेता बड़े संदेश देंगे।
Navjeet Kaur