बिहार NDA को बड़ा झटका, सीमा सिंह का नामांकन रद्द
भोजपुरी फिल्म जगत की प्रसिद्ध अभिनेत्री सीमा सिंह का मढ़ौरा विधानसभा सीट से नामांकन कागजी खामियों और तकनीकी त्रुटियों के चलते रद्द कर दिया गया। यह सीट बिहार NDA के तहत चिराग पासवान के कोटे में दी गई थी। सीम सिंह को इस क्षेत्र में एक मजबूत उम्मीदवार माना जा रहा था, और उनके नामांकन रद्द होने से NDA के समर्थकों में निराशा फैल गई है।
निर्वाचन कार्यालय की कार्रवाई
निर्वाचित पदाधिकारी ने जांच प्रक्रिया के दौरान सीमा सिंह के नामांकन पत्रों में कमी और तकनीकी गलतियां पाई, जिसके चलते यह कदम उठाया गया। उनके साथ तीन अन्य उम्मीदवारों के नामांकन भी रद्द कर दिए गए, जिनमें निर्दलीय अल्ताफ आलम राजू, बसपा के आदित्य कुमार और निर्दलीय विशाल कुमार शामिल हैं। निर्वाचन कार्यालय ने स्पष्ट किया कि सभी नामांकन नियमानुसार जांच प्रक्रिया के तहत ही रद्द किए गए हैं।
चुनावी समीकरण में बदलाव
सीमा सिंह के चुनावी मैदान से बाहर होने के बाद मढ़ौरा सीट पर राजनीतिक माहौल बदल गया है। चुनाव विशेषज्ञों का मानना है कि अब मुकाबला मुख्य रूप से राजद और जनसुराज सहित अन्य प्रत्याशियों के बीच सीमित हो जाएगा। राजद ने इस सीट से निवर्तमान विधायक और मंत्री जितेंद्र कुमार राय को उम्मीदवार बनाया है।
राजनीति में सीमा सिंह की शुरुआत पर विराम
सीमा सिंह, जो भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री में अपनी पहचान बना चुकी हैं, राजनीति में अपनी किस्मत आजमाने के लिए मैदान में उतरी थीं। उनके शपथपत्र के अनुसार, उन्होंने 1999 में महाराष्ट्र के ठाणे स्थित डोंबिवली के एक स्कूल से नौवीं कक्षा पास की थी। हालांकि, नामांकन रद्द होने से उनकी राजनीतिक यात्रा की शुरुआत रुक गई है।
Janmejay Chaturvedi