चेन्नई सुपर किंग्स प्लेऑफ की दौड़ से बाहर, गुजरात टाइटंस ने 89 रन से हराया

· 1 min read
चेन्नई सुपर किंग्स प्लेऑफ की दौड़ से बाहर, गुजरात टाइटंस ने 89 रन से हराया

गुजरात टाइटंस ने चेन्नई सुपर किंग्स को 89 रन से हराया, सीएसके प्लेऑफ की दौड़ से बाहर

पांच बार की आईपीएल चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स लगातार तीसरे सीजन प्लेऑफ स्टेज से बाहर हो गई है। गुरुवार को गुजरात टाइटंस ने अपनी सबसे बड़ी जीत दर्ज करते हुए चेन्नई को 89 रन से हराया। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी गुजरात ने 20 ओवर में 4 विकेट पर 229 रन बनाए। जवाब में चेन्नई की टीम 13.4 ओवर में 140 रन पर ऑलआउट हो गई।

गुजरात की बल्लेबाजी

गुजरात के लिए साई सुदर्शन ने 53 गेंदों में 84 रन की शानदार पारी खेली, जिसमें 7 चौके और 4 छक्के शामिल रहे। कप्तान शुभमन गिल ने भी 37 गेंदों में 64 रन बनाए और दोनों ने पहले विकेट के लिए 125 रन की साझेदारी की। आखिरी ओवरों में जोस बटलर ने 27 गेंदों में नाबाद 57 रन ठोके। वॉशिंगटन सुंदर ने 3 गेंदों में 7 रन बनाए।

चेन्नई की बल्लेबाजी

चेन्नई की शुरुआत बेहद खराब रही और पहली ही गेंद पर संजू सैमसन बिना खाता खोले आउट हो गए। इसके बाद ऋतुराज गायकवाड ने तेज 16 रन बनाए, लेकिन मोहम्मद सिरान ने उन्हें भी पवेलियन भेज दिया। सिराज ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3 ओवर में 26 रन देकर 3 विकेट झटके। मैथ्यू शॉर्ट ने 24 रन बनाए, जबकि शिवम दुबे ने 17 गेंदों में 47 रन की पारी खेलकर कुछ देर मुकाबले में टीम की वापसी कराने की कोशिश की, लेकिन ऐसा नहीं हो सका। अंशुल कंबोज ने भी 8 गेंदों में 19 रन बनाए, लेकिन दूसरे बल्लेबाज बड़ी साझेदारी नहीं कर सके।

गेंदबाजी

गुजरात की ओर से मोहम्मद सिराज, कगिसो रबाडा और राशिद खान ने 3-3 विकेट लिए। चेन्नई की ओर से मुकेश कुमार, स्पेंसर जॉनसन और अंशुल कंबोज को 1-1 विकेट मिला।

प्लेऑफ से बाहर

13.4 ओवर में रबाडा ने जॉनसन को आउट कर चेन्नई की पारी खत्म कर दी। इसके साथ ही चेन्नई आईपीएल 2026 से बाहर हो गई।

धोनी का भविष्य

पोस्ट मैच प्रजेंटेशन में जब चेन्नई के कप्तान गायकवाड से पूछा गया कि क्या अगले सीजन में एमएस धोनी खेलते नजर आएंगे, तो उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा, 'इसका जवाब आपको और मुझे अगले साल ही पता चलेगा।' गायकवाड ने माना कि धोनी की कमी टीम को काफी महसूस हुई। उन्होंने कहा कि धोनी जैसे खिलाड़ी आखिरी ओवरों में सिर्फ क्रीज पर मौजूद रहकर भी मैच का रुख बदल सकते हैं। हालांकि अगले सीजन को लेकर अभी कुछ तय नहीं है।

टीमें

गुजरात टाइटंस:

शुभमन गिल (कप्तान), साई सुदर्शन, जोस बटलर (विकेटकीपर), वॉशिंगटन सुंदर, निशांत सिंधु, जेसन होल्डर, राशिद खान, राहुल तेवतिया, अरशद खान, कगिसो रबाडा और मोहम्मद सिराज।

चेन्नई सुपर किंग्स:

ऋतुराज गायकवाड (कप्तान), संजू सैमसन (विकेटकीपर), उर्विल पटेल, डेवाल्ड ब्रेविस, शिवम दुबे, मैथ्यू शॉर्ट, अंशुल कंबोज, नूर अहमद, स्पेंसर जॉनसन, मुकेश चौधरी और गुरजपनीत सिंह।

L. N. Bhargava