छत्तीसगढ़ कांग्रेस संगठन में बड़ा बदलाव
छत्तीसगढ़ कांग्रेस संगठन में बदलाव की तैयारी शुरू हो चुकी है। 41 जिलाध्यक्षों में से 36 नए चेहरों को मौका दिए जाने की संभावना है, जबकि 5 पुराने चेहरों को दोहराया जा सकता है। पार्टी ने पहले 11 जिलाध्यक्षों की नियुक्ति की थी, परंतु कुछ जिलों में संगठन का प्रदर्शन उम्मीदों पर खरा नहीं उतरा। कमजोर प्रदर्शन वाले पदाधिकारियों को हटाकर संगठन को नया और सक्रिय स्वरूप देने की योजना बनाई गई है।
महत्वपूर्ण नाम और नियुक्ति
रायपुर शहर कांग्रेस की कमान सुबोध हरितवाल और रायपुर ग्रामीण की प्रवीण साहू को मिलने की संभावना है। दुर्ग ग्रामीण में राकेश ठाकुर, अंबिकापुर में बालकृष्ण पाठक और जगदलपुर में सुशील मौर्या जिलाध्यक्ष बनाए जा सकते हैं। बिलासपुर और धमतरी में भी नए चेहरों को मौका दिया जाएगा।
दिल्ली में हुई बैठक
23 अक्टूबर को दिल्ली में छत्तीसगढ़ कांग्रेस संगठन को लेकर एक अहम बैठक आयोजित की गई। इसमें AICC महासचिव केसी वेणुगोपाल, सचिन पायलट, भूपेश बघेल, टीएस सिंहदेव, चरणदास महंत और प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज सहित वरिष्ठ नेताओं ने भाग लिया। इन बैठकों के बाद राहुल गांधी की अध्यक्षता में जिलाध्यक्षों की नियुक्ति पर अंतिम निर्णय लिया गया।
परफॉर्मेंस बेस्ड सिस्टम लागू
कांग्रेस ने इस बार संगठन को “परफॉर्मेंस बेस्ड स्ट्रक्चर” में बदलने की योजना बनाई है। हर 6 महीने बाद जिला इकाइयों की समीक्षा की जाएगी। जो पदाधिकारी बेहतर प्रदर्शन करेंगे, उन्हें प्रदेश पदों या चुनावी जिम्मेदारियों में प्राथमिकता दी जाएगी। वहीं निष्क्रिय नेताओं को बदलकर सक्रिय चेहरों को अवसर दिया जाएगा।
ट्रेनिंग कार्यक्रम की योजना
नए जिलाध्यक्षों की नियुक्ति के बाद उन्हें दिल्ली में ट्रेनिंग दी जाएगी। दिल्ली मुख्यालय में वे पार्टी के कार्य प्रणाली को समझेंगे और राहुल गांधी से भी मुलाकात करेंगे। सूत्रों के अनुसार यह प्रक्रिया 10 नवंबर से पहले पूरी की जा सकती है।
Ravi Yadav