'धुरंधर 2: द रिवेंज' का ट्रेलर कल सुबह 11:01 बजे होगा रिलीज, रणवीर सिंह की फिल्म की घोषणा
'धुरंधर' की जबरदस्त सफलता के बाद फैंस को इसके सीक्वल 'धुरंधर: द रिवेंज' का लंबे समय से इंतजार था। फिल्म का पहला पोस्टर सामने आने के बाद से ही दर्शक ट्रेलर के लिए बेहद उत्सुक थे। अब, आदित्य धर के निर्देशन में बनी इस स्पाई थ्रिलर फिल्म के ट्रेलर की आधिकारिक रिलीज डेट और समय की जानकारी सामने आ चुकी है।
कब और कैसे देखें 'धुरंधर 2' का ट्रेलर?
जियो स्टूडियो और बी62 स्टूडियो ने आखिरकार रणवीर सिंह, सारा अर्जुन और संजय दत्त अभिनीत फिल्म 'धुरंधर: द रिवेंज' के ट्रेलर की घोषणा कर दी है। उन्होंने फिल्म का एक नया पोस्टर अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर साझा किया है। इस पोस्टर को साझा करते हुए मेकर्स ने बताया है कि 'धुरंधर 2' का ट्रेलर कल, यानी शनिवार, 7 मार्च को सुबह 11 बजकर 1 मिनट पर रिलीज होगा। पोस्टर के कैप्शन में "हौसला ईंधन बदला" लिखा गया है, जिससे फैंस की उत्सुकता और बढ़ गई है।
पांच भाषाओं में आएगी 'धुरंधर 2', जानें कहानी और रिलीज डेट
'धुरंधर' की अपार सफलता को देखते हुए, निर्देशक आदित्य धर और निर्माता जियो स्टूडियो ने इस फिल्म को हिंदी के साथ-साथ तमिल, तेलुगु, मलयालम और कन्नड़ जैसी साउथ की भाषाओं में भी रिलीज करने का निर्णय लिया है। 'धुरंधर' का दूसरा पार्ट कुल पांच भाषाओं में दर्शकों के सामने आएगा। जहां 'धुरंधर-पार्ट 1' की कहानी लियारी के गैंगस्टर रहमान डकैत और पाकिस्तानी आतंकी नेटवर्क के इर्द-गिर्द घूमती थी, वहीं इसके दूसरे पार्ट में 'हमजा अली मजारी' उर्फ रणवीर सिंह के किरदार पर पूरा फोकस रखा जाएगा। आगे की कहानी में जसकीरत सिंह रंगी की पाकिस्तान में 'हमजा' बनकर एंट्री की जर्नी और 'धुरंधर' मिशन पर भी ध्यान केंद्रित किया जाएगा। यह फिल्म 19 मार्च 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। विदेशों में इस फिल्म की एडवांस बुकिंग शुरू हो चुकी है, जिसे काफी अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है।
Sharad Shrivastava