नेपाल चुनाव: बालेन शाह की पार्टी RSP को बंपर बढ़त, ओली पिछड़े
नेपाल में आम चुनाव के लिए वोटों की गिनती लगातार जारी है। नेपाल के चुनाव आयोग ने घोषणा की है कि मतगणना शुरू होने के 24 घंटे के भीतर सीधे 165 सीटों (एफपीटीपी) के परिणाम जारी किए जाएंगे। आयोग ने यह भी बताया कि पहाड़ी क्षेत्रों में मतपेटियों को मतगणना केंद्रों तक लाने में कम से कम एक दिन का समय लगता है, इसलिए बाकी चुनाव नतीजे बाद में घोषित किए जाएंगे। 05 मार्च, गुरुवार को हुए नेपाल चुनाव में लगभग 60 प्रतिशत योग्य मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया था। इस चुनाव में कुल 65 पार्टियों के 3,400 से अधिक उम्मीदवार मैदान में हैं।
राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी बंपर जीत की ओर अग्रसर
मतगणना के शुरुआती रुझानों में रैपर से राजनेता बने बालेन शाह की राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (आरएसपी) 62 सीटों पर महत्वपूर्ण बढ़त बनाए हुए है। दूसरे स्थान पर नेपाली कांग्रेस 9 सीटों पर आगे चल रही है। वहीं, केपी शर्मा ओली की कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ नेपाल सिर्फ 3 सीटों पर बढ़त के साथ काफी पीछे है, और श्रम शक्ति पार्टी एक सीट पर आगे है। मतगणना के बीच, आरएसपी ने एक सीट पर जीत भी दर्ज कर ली है।
बालेन शाह ने ओली को पछाड़ा
झापा निर्वाचन क्षेत्र संख्या 5 के शुरुआती मतगणना रुझानों में राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी के उम्मीदवार बालेन शाह आगे चल रहे हैं। कमल ग्रामीण नगरपालिका के बसबारी स्कूल मतदान केंद्र (ए और बी) और गौरादहा ग्रामीण नगरपालिका के मोती स्कूल मतदान केंद्र (ए और बी) में डाले गए 1,400 मतों में से बालेन शाह को 814 वोट मिले हैं। वहीं, सीपीएन-यूएमएल के उम्मीदवार और पूर्व प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली 384 वोटों के साथ दूसरे स्थान पर हैं। नेपाल चुनाव की काउंटिंग के शुरुआती रुझानों में Gen-Z के हीरो बालेन शाह की राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी सबसे आगे चल रही है, जबकि भारत विरोधी माने जाने वाले ओली और उनकी पार्टी सहित अन्य दल काफी पिछड़ते हुए नजर आ रहे हैं।
Pushpendra Chaubey