दिल्ली हवाई अड्डे पर तकनीकी खराबी से उड़ानों में देरी
दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे (आईजीआई एयरपोर्ट) पर शुक्रवार सुबह तकनीकी खराबी के कारण हवाई सेवाएं बाधित हुईं। एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) सिस्टम में आई गड़बड़ी की वजह से 100 से ज्यादा उड़ानों में देरी हुई।
देश का व्यस्ततम हवाईअड्डा प्रभावित
आईजीआई एयरपोर्ट, जो देश के सबसे व्यस्त हवाईअड्डों में शामिल है और जहां रोजाना लगभग 1,500 उड़ानें संचालित होती हैं, इस समस्या से प्रभावित हुआ। स्पाइसजेट समेत कई एयरलाइनों की उड़ानें देरी का सामना कर रही हैं।
तकनीकी गड़बड़ी का कारण
सूत्रों के अनुसार, ऑटोमेटिक मैसेज स्विच करने वाले सिस्टम (AMSS) में खराबी आई है। यह सिस्टम फ्लाइट की प्लानिंग शेयर करने के लिए ऑटो ट्रैक सिस्टम को जानकारी प्रदान करता है। इस गड़बड़ी के कारण एयर ट्रैफिक कंट्रोलर्स को उड़ानों की योजना मैनुअली तैयार करनी पड़ रही है, जिससे प्रक्रिया में अधिक समय लग रहा है।
यात्रियों को इंतजार
तकनीकी टीम समस्या को ठीक करने में जुटी है। इस देरी के कारण एयरपोर्ट पर ट्रैफिक बढ़ गया और यात्रियों को लंबा इंतजार करना पड़ा।
Ravi Yadav