एपस्टीन फाइलों से बिल गेट्स को लेकर बड़ा खुलासा: यौन बीमारी का दावा
अमेरिकी जस्टिस डिपार्टमेंट ने हाल ही में जेफ्री एपस्टीन सेक्स स्कैंडल से जुड़ी नई फाइलें जारी की हैं। डेली मेल की रिपोर्ट के अनुसार, इन फाइलों में एपस्टीन के कुछ ईमेल सामने आए हैं, जिनमें यह दावा किया गया है कि माइक्रोसॉफ्ट के सह-संस्थापक बिल गेट्स को रूसी लड़कियों के साथ संबंधों के बाद यौन बीमारी (सेक्शुअली ट्रांसमिटेड डिजीज, STD) हुई थी। ईमेल में यह भी लिखा है कि गेट्स ने एपस्टीन से एंटीबायोटिक दवाएं मांगी थीं, ताकि वह ये दवाएं चुपचाप अपनी तत्कालीन पत्नी मेलिंडा गेट्स को दे सकें। हालांकि, इन आरोपों की अभी तक पुष्टि नहीं हुई है। नई फाइलों में 30 लाख पेज, 1 लाख 80 हजार तस्वीरें और 2 हजार से ज्यादा वीडियो भी शामिल हैं।
ईमेल में एपस्टीन ने गेट्स पर जताई थी नाराजगी
जस्टिस डिपार्टमेंट के मुताबिक, जेफ्री एपस्टीन ने 18 जुलाई 2013 को सुबह 11:49 बजे खुद को एक लंबा ईमेल लिखा था। इस ईमेल में उसने बिल गेट्स पर छह साल पुरानी दोस्ती खत्म करने के लिए नाराजगी जताई थी। ईमेल में लिखा था, "आपने मुझसे आपके एसटीडी से जुड़े ईमेल डिलीट करने को कहा, मेलिंडा को चुपचाप एंटीबायोटिक देने के लिए दवाएं मांगीं।" इसी दिन रात 1:03 बजे एक और ईमेल लिखा गया, जिसे गेट्स के तत्कालीन सलाहकार बोरिस निकोलिक के नाम से ड्राफ्ट किया गया बताया जा रहा है। इस ईमेल में बिल और मेलिंडा के बीच वैवाहिक विवाद का जिक्र है।
बिल गेट्स एपस्टीन से संबंधों पर पछतावा जता चुके हैं
बिल गेट्स पहले कह चुके हैं कि उन्हें एपस्टीन के साथ अपने संबंधों पर पछतावा है, लेकिन उन्होंने किसी भी तरह की गलत गतिविधियों से इनकार किया है। 2019 में उन्होंने दावा किया था कि उनका एपस्टीन के साथ कोई कारोबारी या व्यक्तिगत संबंध नहीं था और वे कभी किसी पार्टी या निजी कार्यक्रम में शामिल नहीं हुए। हालांकि, न्यूयॉर्क टाइम्स और वॉल स्ट्रीट जर्नल की रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि गेट्स ने 2011 से 2013 के बीच एपस्टीन से कई बार मुलाकातें की थीं। इनमें न्यूयॉर्क स्थित उसके घर पर देर रात तक रुकना और निजी विमान से यात्रा करना भी शामिल रहा।
गेट्स और मेलिंडा का तलाक भी एपस्टीन संबंधों से जुड़ा
बिल और मेलिंडा गेट्स की शादी 1994 में हुई थी और दोनों का 2021 में तलाक हो गया। मेलिंडा ने बाद में बताया था कि बिल गेट्स के अफेयर्स और एपस्टीन से संबंध उनके तलाक की एक बड़ी वजह बने। गेट्स और एपस्टीन की मुलाकातों की खबरें सामने आने के बाद 2019 में मेलिंडा ने वकीलों से बात करनी शुरू कर दी थी।
जेफ्री एपस्टीन केस की पृष्ठभूमि
यह मामला 2005 में तब सामने आया जब फ्लोरिडा में एक 14 साल की लड़की की मां ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में कहा गया कि एपस्टीन के आलीशान घर में उसकी बेटी को ‘मसाज’ के बहाने बुलाया गया था, लेकिन वहां पहुंचने के बाद उस पर सेक्स का दबाव डाला गया। जब उसने घर लौटकर यह बात अपने माता-पिता को बताई, तो उन्होंने तुरंत पुलिस में शिकायत की। तब पहली बार जेफ्री एपस्टीन के खिलाफ आधिकारिक शिकायत दर्ज हुई। पुलिस जांच के दौरान यह सामने आया कि यह अकेला मामला नहीं है। धीरे-धीरे करीब 50 नाबालिग लड़कियों की पहचान हुई, जिन्होंने एपस्टीन पर ऐसे ही आरोप लगाए। एपस्टीन अपने निजी जेट ‘लोलिता एक्सप्रेस’ से पार्टियों में कम उम्र की लड़कियां लेकर आता था और उन्हें पैसों-गहनों का लालच और धमकी देकर मजबूर करता था। इसमें एपस्टीन की गर्लफ्रेंड और पार्टनर गिस्लीन मैक्सवेल उसका साथ देती थी।
कौन था जेफ्री एपस्टीन?
जेफ्री एपस्टीन न्यूयॉर्क का करोड़पति फाइनेंसर था, जिसकी बड़े नेताओं और सेलिब्रिटीज से दोस्ती थी। उस पर 2005 में नाबालिग लड़की के साथ यौन उत्पीड़न का आरोप लगा और 2008 में उसे नाबालिग से सेक्स की मांग करने का दोषी ठहराया गया, जिसके लिए उसे 13 महीने की जेल हुई। 2019 में उसे सेक्स ट्रैफिकिंग के आरोपों में गिरफ्तार किया गया, लेकिन मुकदमे से पहले ही उसने जेल में आत्महत्या कर ली। उसकी पार्टनर घिसलीन मैक्सवेल को 2021 में उसकी मदद करने के आरोपों में दोषी करार दिया गया और वह 20 साल की सजा काट रही है।
पूर्व में जारी हुए थे क्लिंटन और माइकल जैक्सन से जुड़े दस्तावेज
अमेरिकी जस्टिस डिपार्टमेंट ने 20 दिसंबर को भी जेफ्री एपस्टीन से जुड़ी जांच के तहत तीन लाख दस्तावेज जारी किए थे। इनमें अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति बिल क्लिंटन, पॉप सिंगर माइकल जैक्सन, हॉलीवुड एक्टर क्रिस टकर और ब्रिटिश प्रिंस एंड्रयू जैसे दिग्गजों की तस्वीरें सामने आई थीं।
Arvind Vishwakarma