एयर इंडिया एक्सप्रेस की अबू धाबी उड़ान कोच्चि लौटी, इंजन-1 में ऑइल की कमी
7 सितंबर को एयर इंडिया एक्सप्रेस की अबू धाबी जा रही उड़ान को उड़ान भरने के लगभग 50 मिनट बाद तकनीकी खराबी के कारण कोच्चि लौटना पड़ा। विमान लगभग 36 हजार फीट की ऊंचाई पर था जब इंजन-1 में ऑइल की मात्रा तेजी से घटने लगी और कुछ देर बाद तेल का दबाव खतरे की सीमा यानी रेड जोन में पहुंच गया। इसके बाद पायलटों ने इंजन-1 को बंद कर दिया।
चालक दल ने FORDEC असेसमेंट किया और उड़ान रद्द कर कोच्चि लौटने का निर्णय लिया। कमांडर ने हाई फ्रिक्वेंसी पर मुंबई रेडियो से संपर्क किया और एटीसी को विमान के कोच्चि लौटने की सूचना दी। एक इंजन पर ओवरवेट बोइंग 737 को उतारना अधिक जोखिम वाला ऑपरेशन माना जाता है, इसके बावजूद कोच्चि हवाई अड्डे पर लैंडिंग सुरक्षित तरीके से पूरी हुई। लैंडिंग के बाद यात्रियों को घटना की जानकारी दी गई। फ्लाइट में कितने यात्री सवार थे, इसकी जानकारी अब तक सामने नहीं आई है। इस घटना की सूचना समाचार एजेंसी ANI ने सूत्रों के हवाले से दी है, जबकि एयर इंडिया एक्सप्रेस और DGCA की ओर से अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।
3 सितंबर को वाराणसी-दिल्ली उड़ान की लखनऊ में इमरजेंसी लैंडिंग
इससे पहले 3 सितंबर को वाराणसी से दिल्ली जा रही एयर इंडिया एक्सप्रेस की एक अन्य उड़ान को तकनीकी खराबी के कारण लखनऊ हवाई अड्डे पर इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी थी। सूत्रों के अनुसार विमान के कार्गो में धुएं का अलार्म बजा था, जिसके बाद पायलट ने तुरंत लखनऊ हवाई अड्डे से संपर्क किया। विमान के उतरते ही रिस्पॉन्स टीम ने मोर्चा संभाला, फायर ब्रिगेड और टेक्निकल एक्सपर्ट भी मौके पर पहुंचे और विमान की जांच की गई।
गोवा-दिल्ली इंडिगो उड़ान में भी इंजन खराबी
इसी क्रम में गोवा से दिल्ली जा रही इंडिगो की उड़ान 6E 2102 को उड़ान भरने के कुछ मिनट बाद एक इंजन में तकनीकी खराबी की सूचना मिली, जिसके बाद विमान को वापस मनोहर इंटरनेशनल एयरपोर्ट लाया गया।
Ravi Yadav