शंकराचार्य ने की मुस्लिम विधायक की तारीफ, गौमाता को राष्ट्रमाता बनाने पर हिंदू विधायकों पर उठाए सवाल
मध्य प्रदेश की सियासत में 'गौमाता' को लेकर एक नया और दिलचस्प मोड़ आ गया है। भोपाल उत्तर से कांग्रेस विधायक आतिफ अकील द्वारा विधानसभा में गौमाता को 'राष्ट्रमाता' का दर्जा देने के लिए पेश किए गए 'अशासकीय संकल्प' ने संतों के गलियारों में हलचल मचा दी है।
शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद ने की आतिफ अकील की तारीफ
ज्योतिर्मठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने एक वीडियो संदेश जारी कर आतिफ अकील की जमकर तारीफ की है। उन्होंने तीखे लहजे में कहा कि जो काम खुद को हिंदू कहने वाले विधायकों को करना चाहिए था, वह एक मुस्लिम विधायक ने कर दिखाया है। शंकराचार्य ने अपने संदेश में एमपी विधानसभा के हिंदू विधायकों को आइना दिखाते हुए इसे उनके माथे पर 'कलंक' बताया है।
मुस्लिम जनप्रतिनिधि आगे, हिंदू क्यों कर रहे देरी
शंकराचार्य ने केवल आतिफ अकील का ही नहीं, बल्कि अन्य मुस्लिम नेताओं का भी जिक्र किया है। उन्होंने बताया कि संसद में अफजाल अंसारी और गुजरात की कांग्रेस सांसद गनी बेन ठाकुर ने भी गौमाता के लिए आवाज उठाई है। उन्होंने प्रयागराज के सांसद उज्जवल रमण सिंह का भी उदाहरण दिया। शंकराचार्य ने यह भी बताया कि राजस्थान में विधायक बालमुकुंद ने अपनी ही सरकार से इस पर जवाब मांगा है, लेकिन सरकारें अभी भी देरी कर रही हैं। उन्होंने सभी हिंदुओं से गौमाता के पक्ष में खड़े होने और खुद को 'असली हिंदू' घोषित करने का आह्वान किया, अन्यथा जनता की नजर में उन्हें 'नकली हिंदू' कहा जाएगा।
प्रस्ताव की पृष्ठभूमि
यह प्रस्ताव दिसंबर में नगर निगम के स्लॉटर हाउस से निकले ट्रक में गोमांस मिलने के बाद हुए हंगामे के बाद आया है। कांग्रेस विधायक आतिफ अकील ने गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित कराने की मांग की है और इस संबंध में मंगलवार को विधानसभा अध्यक्ष को पत्र सौंपा था, जिसके बाद उन्होंने विधानसभा में संकल्प पेश किया।
Sachin Saxena