गयाजी में खड़गे की जनसभा, कांग्रेस प्रत्याशी के लिए करेंगे वोट की अपील

· 1 min read
गयाजी में खड़गे  की जनसभा, कांग्रेस प्रत्याशी के लिए करेंगे  वोट की अपील

गयाजी में कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे की जनसभा

बिहार चुनाव के तहत कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे शुक्रवार को गयाजी में एक बड़ी जनसभा को संबोधित करेंगे। यह सभा गयाजी क्लब मैदान में आयोजित होगी। इस दौरान खड़गे नगर विधानसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी मोहन श्रीवास्तव के समर्थन में जनता से वोट की अपील करेंगे। उनके साथ वरिष्ठ नेता कृष्णा अल्लावरू भी मंच पर मौजूद रहेंगे।

कांग्रेस ने की व्यापक तैयारी

कांग्रेस ने इस जनसभा को सफल बनाने के लिए स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं को सक्रिय कर दिया है। वे घर-घर जाकर लोगों को सभा में शामिल होने का न्योता दे रहे हैं। पार्टी की रणनीति है कि खड़गे की मौजूदगी से चुनावी माहौल कांग्रेस प्रत्याशी के पक्ष में बने और अंतिम चरण के चुनाव से पहले जनसमर्थन बढ़े।

राहुल गांधी की सभा के बाद कांग्रेस में उत्साह

गौरतलब है कि दो दिन पहले राहुल गांधी ने वजीरगंज विधानसभा क्षेत्र में चुनावी सभा की थी। अब राहुल के बाद खड़गे की सभा से कांग्रेस कार्यकर्ताओं में जोश बढ़ा है।

भाजपा भी मैदान में

कांग्रेस के साथ-साथ भाजपा भी गयाजी में सक्रिय है। जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, ऋतुराज सिन्हा और कोडरमा सांसद अन्नपूर्णा देवी भी गयाजी पहुंचेंगे। हालांकि भाजपा की सभा का समय और स्थल अभी तय नहीं हुआ है, लेकिन तैयारियां तेज हैं।

गयाजी फिलहाल चुनावी सरगर्मी से भरा हुआ है जहां सभी राजनीतिक दल अपने पक्ष में माहौल बनाने का प्रयास कर रहे हैं।

Gulzar Ahmad