मुंबई इंडियंस ने गुजरात जायंट्स को हराकर WPL में लगातार आठवीं जीत दर्ज की
विमेंस प्रीमियर लीग (WPL) में मुंबई इंडियंस ने गुजरात जायंट्स के खिलाफ अपना दबदबा जारी रखते हुए उन्हें लगातार आठवीं बार हरा दिया। DY पाटिल स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में मुंबई ने 193 रन के लक्ष्य को 19.2 ओवर में तीन विकेट खोकर हासिल कर लिया। इस जीत के साथ चौथे सीजन में मुंबई की यह तीन मैचों में दूसरी जीत रही, जबकि गुजरात को लगातार दो जीत के बाद पहली हार का सामना करना पड़ा।
गुजरात जायंट्स की मजबूत बल्लेबाजी, 192 रन का स्कोर
टॉस जीतकर मुंबई इंडियंस की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने पहले गेंदबाजी का फैसला किया। गुजरात जायंट्स ने निर्धारित 20 ओवर में पांच विकेट पर 192 रन बनाए। टीम की शुरुआत धीमी रही और पहले ओवर में सिर्फ एक रन बना, लेकिन बाद में बल्लेबाजों ने रफ्तार पकड़ ली।
गुजरात की ओर से जॉर्जिया वेयरहम ने सबसे ज्यादा 43 रन बनाए और अंत तक नाबाद रहीं। उनके साथ भारती फुलमाली भी 36 रन बनाकर नॉटआउट रहीं। बेथ मूनी ने 33 और कनिका आहूजा ने 35 रन की उपयोगी पारियां खेलीं, जबकि एश्ले गार्डनर ने 20 रन जोड़े।
गुजरात ने पांच ओवर में अपनी फिफ्टी पूरी की, तब क्रीज पर बेथ मूनी और कनिका आहूजा मौजूद थीं। तीसरे ओवर में मुंबई को पहली सफलता मिली, जब शबनिम इस्माइल ने सोफी डिवाइन को आठ रन पर कॉट बिहाइंड कराया। सातवें ओवर में लेग स्पिनर अमीलिया कर ने अपने पहले ही ओवर में बेथ मूनी को 33 रन पर आउट कर दिया।
गुजरात ने नौ ओवर में दो विकेट पर 96 रन बना लिए थे। इसके बाद दसवें ओवर की दूसरी गेंद पर निकोला कैरी ने एश्ले गार्डनर को LBW किया। ग्यारहवें ओवर में हैली मैथ्यूज ने कनिका आहूजा का कैच कराया, जो 35 रन बनाकर आउट हुईं। बारहवें ओवर तक गुजरात ने 100 रन पूरे कर लिए, तब वेयरहम और आयुषी सोनी क्रीज पर थीं।
आयुषी सोनी WPL में ‘रिटायर्ड आउट’ होने वाली पहली बैटर
गुजरात की पारी के दौरान 16 ओवर खत्म होने के बाद टीम ने आयुषी सोनी को 14 गेंद पर 11 रन के व्यक्तिगत स्कोर पर रिटायर्ड आउट कर वापस बुला लिया और उनकी जगह भारती फुलमाली को बल्लेबाजी के लिए भेजा। आयुषी WPL इतिहास में रिटायर्ड आउट होने वाली पहली बैटर बनीं।
गुजरात ने 17 ओवर में पांच विकेट पर 143 रन बनाए थे। इसके बाद अंतिम तीन ओवरों में टीम ने तेज बल्लेबाजी करते हुए 49 रन जोड़े। 18वें ओवर में 10, 19वें ओवर में 16 और 20वें ओवर में 23 रन बने। अंत में जॉर्जिया वेयरहम 43 और भारती फुलमाली 36 रन पर नाबाद रहीं, जिससे टीम का स्कोर 192 तक पहुंचा।
मुंबई की शुरुआत, शुरुआती झटकों के बाद मजबूत वापसी
193 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई इंडियंस ने पहले ओवर में छह रन बनाए। टीम की ओर से जी कमलिनी और हैली मैथ्यूज ने पारी की शुरुआत की। तीसरे ओवर में मुंबई को पहला झटका लगा, जब रेणुका सिंह ठाकुर ने जी कमलिनी को 12 गेंद पर 13 रन पर स्टंपिंग कराया।
पांचवें ओवर में काशवी गौतम ने हैली मैथ्यूज को फाइन लेग पर कैच कराया। मैथ्यूज ने 12 गेंद पर 22 रन बनाए। सातवें ओवर तक मुंबई ने अपनी फिफ्टी पूरी कर ली और इस समय हरमनप्रीत कौर तथा अमनजोत कौर क्रीज पर मौजूद थीं।
बारहवें ओवर में मुंबई ने टीम का 100वां रन पूरा किया। इसी बीच हरमनप्रीत और अमनजोत ने तीसरे विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी भी कर ली। तेरहवें ओवर की पहली गेंद पर सोफी डिवाइन ने अमनजोत कौर को लॉन्ग ऑन पर कैच कराया। अमनजोत ने 40 रन बनाए और हरमन के साथ मिलकर 72 रन की साझेदारी निभाई।
हरमनप्रीत की फिफ्टी और निकोला कैरी की ताबड़तोड़ पारी
अंतिम ओवरों में हरमनप्रीत कौर और निकोला कैरी ने मुंबई को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। सोलहवें ओवर में मुंबई ने रेणुका सिंह के खिलाफ 20 रन बटोरे। इस ओवर में निकोला कैरी ने चार चौके जड़े और एक बाउंड्री लेग बाय के रूप में आई। इसके बाद मुंबई को 24 गेंदों पर 39 रन की जरूरत रह गई।
सत्रहवें ओवर में हरमनप्रीत कौर ने काशवी गौतम के खिलाफ सिंगल लेकर अपना अर्धशतक पूरा किया। इसी ओवर में उन्होंने निकोला कैरी के साथ चौथे विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी भी पूरी की।
अंत में मुंबई इंडियंस ने 19.2 ओवर में तीन विकेट के नुकसान पर लक्ष्य हासिल कर लिया। कप्तान हरमनप्रीत कौर ने विनिंग बाउंड्री लगाकर टीम को जीत दिलाई। हरमन 71 रन पर नाबाद रहीं, जबकि निकोला कैरी ने 38 रन की नाबाद पारी खेली।
टीमों का प्रदर्शन और टूर्नामेंट की स्थिति
इस जीत के साथ मुंबई इंडियंस ने चौथे सीजन में अपना दूसरा मैच जीता। टीम को पहले रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था, जबकि दिल्ली कैपिटल्स और अब गुजरात जायंट्स के खिलाफ जीत मिली। दूसरी ओर गुजरात जायंट्स को लगातार दो मैचों में यूपी वॉरियर्ज और दिल्ली कैपिटल्स को हराने के बाद पहली हार झेलनी पड़ी। टूर्नामेंट के इतिहास में गुजरात की टीम अभी तक मुंबई को नहीं हरा सकी है।
प्लेइंग इलेवन में बदलाव
मुंबई इंडियंस ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का निर्णय लिया और अपनी प्लेइंग इलेवन में एक बदलाव किया। टीम ने नैटली सिवर-ब्रंट की जगह हैली मैथ्यूज को शामिल किया। सिवर-ब्रंट चोट के कारण बाहर रहीं। गुजरात जायंट्स ने भी अपनी टीम में बदलाव करते हुए अनुष्का शर्मा की जगह आयुषी सोनी को शामिल किया, जो इंजरी के कारण बाहर हुईं अनुष्का की जगह खेलीं।
मुंबई इंडियंस की प्लेइंग इलेवन में जी कमलिनी (विकेटकीपर), हैली मैथ्यूज, अमीलिया कर, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), निकोला कैरी, सजीवन साजना, अमनजोत कौर, पूनम खेमनार, शबनिम इस्माइल, संस्कृति गुप्ता और त्रिवेणी वशिष्ठ शामिल रहीं।
गुजरात जायंट्स की ओर से बेथ मूनी (विकेटकीपर), सोफी डिवाइन, आयुषी सोनी, एश्ले गार्डनर (कप्तान), जॉर्जिया वेयरहम, भारती फुलमाली, काशवी गौतम, कनिका आहूजा, तनुजा कंवर, राजेश्वरी गायकवाड़ और रेणुका सिंह ठाकुर मैदान में उतरे।
मुकाबला हाई स्कोरिंग रहा और दोनों टीमों ने आक्रामक बल्लेबाजी की, लेकिन अंतत: हरमनप्रीत कौर की कप्तानी पारी और मुंबई के सामूहिक प्रदर्शन ने मैच का रुख अपने पक्ष में मोड़ दिया।
Sachin Saxena