भारत बनाम न्यूजीलैंड दूसरा वनडे: राजकोट में सीरीज जीतने का मौका
भारत और न्यूजीलैंड के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का दूसरा मुकाबला राजकोट के निरंजन शाह स्टेडियम में खेला जाएगा। टॉस दोपहर 1 बजे होगा और मैच की शुरुआत 1:30 बजे से होगी। भारत सीरीज में 1-0 से आगे है और यह मैच जीतते ही सीरीज अपने नाम कर लेगा।
लगातार आठवीं घरेलू वनडे सीरीज जीतने का अवसर
भारतीय सरजमीं पर भारत और न्यूजीलैंड के बीच अब तक 7 वनडे सीरीज खेली गई हैं और सभी में भारत ने जीत दर्ज की है। मौजूदा सीरीज जीतकर भारत न्यूजीलैंड के खिलाफ लगातार आठवीं घरेलू वनडे सीरीज अपने नाम करने की स्थिति में है। पहले वनडे में भारत ने न्यूजीलैंड को 4 विकेट से हराया था।
वॉशिंगटन सुंदर बाहर, नए खिलाड़ी को मौका मिलने की संभावना
पहले मैच में चोटिल हुए वॉशिंगटन सुंदर पूरी सीरीज से बाहर हो गए हैं, जिसके कारण दूसरे वनडे में भारत की प्लेइंग इलेवन में बदलाव तय है। यदि टीम मैनेजमेंट पहले मैच वाला संयोजन बरकरार रखता है तो युवा ऑलराउंडर आयुष बडोनी को अंतरराष्ट्रीय वनडे डेब्यू का मौका मिल सकता है। वहीं यदि टीम एक अतिरिक्त तेज गेंदबाज के साथ संतुलन साधना चाहती है तो ऑलराउंडर नीतीश कुमार रेड्डी को भी प्लेइंग इलेवन में शामिल किए जाने की पूरी संभावना है।
दोनों टीमों का अब तक का वनडे प्रदर्शन
भारत और न्यूजीलैंड के बीच अब तक कुल 121 वनडे मैच खेले गए हैं। इनमें से 63 मुकाबलों में भारत को जीत मिली है, जबकि 50 मैचों में न्यूजीलैंड विजेता रहा है। सात मुकाबले बेनतीजा रहे और 2014 में एक मैच टाई हुआ था।
भारत में कम से कम 20 वनडे मैच खेलने वाली विदेशी टीमों में न्यूजीलैंड का रिकॉर्ड सबसे कमजोर है। न्यूजीलैंड ने भारत में अब तक 41 वनडे खेले हैं, जिनमें उसे केवल 8 मैचों में जीत और 32 में हार मिली है, जबकि एक मुकाबला बेनतीजा रहा है।
पहले मैच के स्टार खिलाड़ी
पहले वनडे में विराट कोहली ने 93 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली और सीरीज में फिलहाल शीर्ष स्कोरर हैं। कोहली पिछले वर्ष भी भारत के लिए सर्वाधिक 651 रन बनाने वाले बल्लेबाज थे। गेंदबाजी में मोहम्मद सिराज ने पहले मैच में अच्छा प्रदर्शन करते हुए 2 विकेट हासिल किए।
न्यूजीलैंड की ओर से डेरिल मिचेल ने पहले मुकाबले में सर्वाधिक 84 रन बनाए, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके। काइल जैमीसन ने गेंदबाजी में प्रभावशाली प्रदर्शन करते हुए 4 विकेट लिए और वे अभी तक सीरीज के शीर्ष विकेट-टेकर हैं।
राजकोट के निरंजन शाह स्टेडियम की पिच और रिकॉर्ड
राजकोट के निरंजन शाह स्टेडियम की पिच को बल्लेबाजों के लिए मददगार माना जाता है, हालांकि गेंदबाजों को भी कुछ अवसर मिलते हैं। इस मैदान पर वनडे में भारत का रिकॉर्ड अच्छा नहीं रहा है। भारत ने यहां अब तक 4 वनडे मैच खेले हैं, जिनमें से 3 में उसे हार का सामना करना पड़ा है।
इस मैदान पर आखिरी वनडे 2023 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेला गया था, जिसमें भारत 66 रन से हार गया था। यहां खेले गए अब तक के चारों वनडे मुकाबले पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम ने जीते हैं।
मौसम और ओस की स्थिति
मैच के दिन राजकोट में मौसम साफ रहेगा और बारिश की कोई आशंका नहीं है। दिन में धूप रहने की संभावना है, जिससे मैच के दौरान मौसम से जुड़ी कोई बड़ी बाधा नहीं होगी। तापमान 13 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की उम्मीद है।
राजकोट में ओस इतनी अधिक नहीं होगी कि गेंद पकड़ने में ज्यादा दिक्कत आए, लेकिन ठंडे मौसम की वजह से पिच थोड़ी तेज रह सकती है, जिसका असर तेज गेंदबाजों को मिल सकता है।
संभावित प्लेइंग इलेवन
भारत:शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल (विकेटकीपर), रवींद्र जडेजा, नीतीश कुमार रेड्डी/आयुष बडोनी, कुलदीप यादव, हर्षित राणा, मोहम्मद सिराज, अर्शदीप सिंह।
न्यूजीलैंड:माइकल ब्रेसवेल (कप्तान), डेवोन कॉन्वे, विल यंग, हेनरी निकोल्स, डेरिल मिचेल, ग्लेन फिलिप्स, मिच हे (विकेटकीपर), जैक फॉल्क्स, काइल जैमीसन, माइकल रे, अदित्य अशोक, क्रिस्टियन क्लार्क।
प्रसारण और लाइव स्ट्रीमिंग कहां देखें
भारत और न्यूजीलैंड के बीच वनडे और टी-20 सीरीज के मुकाबले टीवी पर स्टार स्पोर्ट्स के चैनलों पर प्रसारित किए जाएंगे। मैच की लाइव स्ट्रीमिंग जियोहॉटस्टार एप पर उपलब्ध होगी। इसके अलावा दर्शक दैनिक भास्कर की वेबसाइट पर भी मैच के लाइव अपडेट्स पढ़ सकते हैं।
Vivek Singh