इजरायल और मिस्र की यात्रा पर ट्रंप, गाजा संघर्षविराम पर होगी चर्चा
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप रविवार को व्हाइट हाउस से रवाना होकर सोमवार तड़के तेल अवीव पहुंचेंगे। वहां वे इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से मुलाकात करेंगे और संसद 'नेस्सेट' को संबोधित करेंगे। इसके अलावा, ट्रंप इजरायल में बंधकों के परिवारों से भी मिलेंगे।
इसके बाद ट्रंप मिस्र के शर्म अल-शेख जाएंगे, जहां वे मध्य पूर्व शांति समारोह में भाग लेंगे। कार्यक्रम के दौरान, गाजा में संघर्षविराम और पुनर्निर्माण पर चर्चा की जाएगी।
गौरतलब है कि ट्रंप ने हाल ही में घोषणा की थी कि इजरायल और हमास के बीच गाजा संघर्षविराम के पहले चरण पर सहमति बन गई है। हालांकि, क्षेत्र में अब भी छिटपुट हमले जारी हैं।
गाजा में दो साल से जारी युद्ध ने पूरे क्षेत्र को बर्बाद कर दिया है। संयुक्त राष्ट्र की रिपोर्ट के अनुसार, गाजा का पुनर्निर्माण कई पीढ़ियों तक चलेगा। 2023 में शुरू हुए इस संघर्ष में हजारों लोग मारे गए और लाखों घायल हुए हैं।
ट्रंप मंगलवार तड़के व्हाइट हाउस लौट आएंगे। उनका यह दौरा मध्य पूर्व में स्थिरता लाने के प्रयासों का हिस्सा बताया जा रहा है।