इंदौर में रिश्वत लेते प्रिंसिपल रंगेहाथ पकड़ा
इंदौर में लोकायुक्त पुलिस ने शासकीय हायर सेकेंडरी विद्यालय बालक क्रमांक-1 संयोगितागंज के प्राचार्य और नोडल अधिकारी राजकुमार चेलानी को 10 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी पर एक निजी स्कूल की शिकायत का निराकरण करने के बदले रिश्वत मांगने का आरोप है।
शिकायतकर्ता का आरोप
मामले की शिकायत इदरिस नगर निवासी और द इंटरनेशनल कॉन्वेंट स्कूल संचालक रवि जायसवाल ने लोकायुक्त एसपी राजेश सहाय से की थी। शिकायत में बताया था कि उनके स्कूल के खिलाफ एक अभिभावक ने शिकायत की थी। इस शिकायत के निराकरण के एवज में संकुल प्राचार्य राजकुमार चेलानी 10 हजार रुपए की रिश्वत मांग रहे थे।
लोकायुक्त की कार्रवाई
शिकायत मिलने के बाद लोकायुक्त टीम ने मामले का सत्यापन कराया, जिसमें रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई। शुक्रवार को प्राचार्य ने रिश्वत की राशि लेकर आवेदक को स्कूल बुलाया। इसके बाद लोकायुक्त की ट्रैप टीम सक्रिय हो गई। जैसे ही प्राचार्य ने आवेदक से 10 हजार रुपए लिए, टीआई प्रतिभा तोमर और हेड कांस्टेबल आशीष शुक्ला की टीम ने उन्हें पकड़ लिया। आरोपी राजकुमार चेलानी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण संशोधन अधिनियम-2018 की धारा-7 के तहत कार्रवाई की जा रही है।
रिश्वत की शिकायत के लिए हेल्पलाइन
लोकायुक्त संगठन ने आमजन से अपील की है कि यदि कोई अधिकारी या कर्मचारी रिश्वत की मांग करता है तो इसकी सूचना लोकायुक्त कार्यालय इंदौर या 0731-2533160 और 0731-2430100 पर दी जा सकती है।
Navjeet Kaur