इंदौर में तेज रफ्तार कार ट्रक से टकराई, पूर्व मंत्री की बेटी समेत तीन मौत

· 1 min read
इंदौर में तेज रफ्तार कार ट्रक से टकराई, पूर्व मंत्री की बेटी समेत तीन मौत

इंदौर में भीषण सड़क हादसा, पूर्व मंत्री की बेटी समेत तीन की मौत

मध्य प्रदेश के इंदौर में रालामंडल क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में तीन युवाओं की मौत हो गई और एक युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसा उस समय हुआ जब तेज रफ्तार कार सामने चल रहे ट्रक में जा टकराई।

ट्रक में घुसी कार, तीन की मौके पर मौत

डीसीपी कृष्ण लाल चंदानी के अनुसार, सुबह करीब 5:15 बजे ग्रे रंग की नेक्सन कार (एमपी 13 ZS 8994) ट्रक से जा टकराई। कार में प्रेरणा बच्चन, प्रखर कासलीवाल, मनसिन्धु और अनुष्का राठी सवार थे। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और प्रेरणा, प्रखर व मनसिन्धु की मौके पर ही मौत हो गई। अनुष्का गंभीर रूप से घायल है और उसका इलाज एक निजी अस्पताल में चल रहा है।

पूर्व गृह मंत्री और कांग्रेस नेता के परिजन हादसे के शिकार

मृतकों में मध्य प्रदेश के पूर्व गृह मंत्री बाला बच्चन की बेटी प्रेरणा बच्चन और कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता आनंद कासलीवाल के बेटे प्रखर कासलीवाल शामिल हैं। सभी इंदौर के रहने वाले थे। प्रेरणा नर्मदा भवन के पास स्कीम नंबर 74, प्रखर तिलक नगर, मनसिन्धु भंवरकुआं और अनुष्का रॉयल अमर ग्रीन में रहती थीं। प्रेरणा ग्रेजुएशन के बाद यूपीएससी की तैयारी कर रही थी, जबकि मनसिन्धु के परिवार का ट्रांसपोर्ट का काम है। प्रेरणा का अंतिम संस्कार बड़वानी स्थित उनके पुश्तैनी घर से शाम 4 बजे किया जाना है।

बर्थडे पार्टी से लौटते समय हुआ हादसा, कार से शराब की बोतल बरामद

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि प्रखर का जन्मदिन था और चारों दोस्त कोको फार्म में बर्थडे पार्टी मनाने गए थे। वापस लौटते समय कार प्रखर चला रहा था। पुलिस के मुताबिक, सभी शराब के नशे में थे और नशे की वजह से कार अनियंत्रित होकर ट्रक में जा घुसी। कार से शराब की बोतल भी बरामद हुई है। मृतकों की उम्र करीब 25 वर्ष बताई जा रही है।

कांग्रेस नेताओं की प्रतिक्रिया और पुलिस जांच

कांग्रेस नेता धर्मेंद्र गेंदर ने बताया कि शुरुआती जानकारी के अनुसार ये सभी युवा घूमने के लिए निकले थे और तेजाजी नगर से पहले ही हादसे का शिकार हो गए। शवों को एमवाय अस्पताल में रखा गया है, जहां पूर्व मंत्री बाला बच्चन भी मौजूद हैं।

रालामंडल थाना प्रभारी देवेंद्र मरकाम के अनुसार, कार सवार युवक-युवतियां संभवतः छात्र थे और पार्टी मनाकर लौट रहे थे। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन सहित फरार हो गया, जिसके लिए आसपास के मार्गों पर नाकाबंदी कर उसकी तलाश की जा रही है।

कमलनाथ ने व्यक्त किया शोक

पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर इस हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने लिखा कि इंदौर में सड़क हादसे में उनके साथी और मध्य प्रदेश के पूर्व गृह मंत्री बाला बच्चन की सुपुत्री प्रेरणा के निधन का दुखद समाचार अत्यंत हृदयविदारक है। कमलनाथ ने बाला बच्चन के परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और परिजनों को इस दुख को सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की।

Navjeet Kaur