इंदौर-रीवा सीधी हवाई सेवा शुरू, विंध्य क्षेत्र को बड़ी राहत
विंध्य क्षेत्र के यात्रियों के लिए इंदौर और रीवा के बीच सीधी हवाई सेवा की शुरुआत एक महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक कदम के रूप में सामने आई है। इंडिगो एयरलाइंस ने इस नई फ्लाइट का संचालन शुरू कर दिया है, जिससे लंबे समय से चली आ रही सीधी उड़ान की मांग पूरी हुई है।
15 घंटे का सफर अब लगभग दो घंटे से भी कम
अब तक इंदौर से रीवा पहुंचने के लिए यात्रियों को ट्रेन या बस से करीब 15 घंटे का समय लग जाता था। नई हवाई सेवा शुरू होने के बाद यह यात्रा लगभग 1 घंटे 45 मिनट में पूरी की जा सकेगी। इससे समय की बड़ी बचत होगी और यात्रियों को अधिक सुविधा मिलेगी।
70 सीटर विमान, लगभग 4700 रुपए किराया
इस रूट पर 70 सीटर विमान से फ्लाइट का संचालन किया जा रहा है। किराया लगभग 4700 रुपए रखा गया है। हवाई सेवा शुरू होते ही यात्रियों की भारी मांग देखने को मिली और पहले ही दिन इस उड़ान की सभी सीटें भर गईं, जिससे इस रूट की आवश्यकता और उपयोगिता स्पष्ट हो गई।
विंध्य क्षेत्र के कई जिलों को लाभ
नई उड़ान से केवल रीवा ही नहीं, बल्कि सतना, सीधी, सिंगरौली, पन्ना, मऊगंज और मैहर जैसे विंध्य क्षेत्र के अन्य जिलों को भी सीधा लाभ मिलेगा। यह इंदौर से प्रदेश के लिए दूसरी सीधी प्रादेशिक हवाई सेवा है। इससे पहले इंदौर से केवल जबलपुर के लिए ही सीधी उड़ान संचालित हो रही थी।
डिप्टी सीएम ने बताया विकास के लिए अहम कदम
मध्य प्रदेश के डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ल ने इंदौर-रीवा सीधी फ्लाइट की शुरुआत को विंध्य क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक बताया। उन्होंने कहा कि इस सेवा से क्षेत्र की हवाई कनेक्टिविटी मजबूत होगी और शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार तथा रोजगार के क्षेत्रों में लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार का लक्ष्य प्रदेश के हर संभाग को बेहतर हवाई सुविधा से जोड़ना है।
लंबे समय से उठ रही थी मांग
ट्रैवल एजेंट एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत सिंह जादौन के अनुसार, इस उड़ान की मांग लंबे समय से की जा रही थी। विंध्य क्षेत्र के हजारों लोग इंदौर और उसके आसपास के शहरों में रहते हैं। नई सेवा से यात्रियों की सुविधा बढ़ेगी और व्यापारिक गतिविधियों को भी नई रफ्तार मिलने की उम्मीद है।
यात्रियों और व्यापार के लिए नई संभावनाएं
इंदौर-रीवा सीधी फ्लाइट के शुरू होने से जहां आम यात्रियों के लिए यात्रा आसान और तेज हो जाएगी, वहीं क्षेत्रीय व्यापार, निवेश और सेवाओं में भी वृद्धि की संभावनाएं मजबूत हुई हैं। यह नई कड़ी प्रदेश के आंतरिक हवाई नेटवर्क को और सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
Arvind Vishwakarma