IPL 2024 का आगाज: डिफेंडिंग चैंपियन RCB आज SRH से भिड़ेगी
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के 19वें सीजन का आगाज आज से हो रहा है। पहला मुकाबला डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के बीच खेला जाएगा। यह मैच बेंगलुरु के होम ग्राउंड एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में शाम 7:30 बजे शुरू होगा, जबकि टॉस 7:00 बजे होगा। पिछले सीजन RCB ने पंजाब किंग्स को हराकर अपना पहला खिताब जीता था, वहीं SRH प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई नहीं कर पाई थी और छठे स्थान पर रही थी।
आमने-सामने के आंकड़े और टीम संतुलन
RCB और SRH के बीच अब तक 25 IPL मुकाबले हुए हैं, जिसमें हैदराबाद ने 13 मैच जीते हैं, जबकि बेंगलुरु ने 11 में जीत हासिल की। एक मुकाबला टाई रहा था जिसे SRH ने सुपर ओवर में जीता था। एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में दोनों टीमों का 8 बार सामना हुआ है, जिसमें RCB ने 5 और SRH ने 3 मैच जीते हैं।
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की टीम बल्लेबाजी, गेंदबाजी और ऑलराउंडर तीनों विभागों में संतुलित नजर आ रही है। इसमें विराट कोहली, फिल सॉल्ट और देवदत्त पडिक्कल जैसे बल्लेबाज शामिल हैं। मिडिल ऑर्डर में टिम डेविड और जितेश शर्मा हैं, जबकि रोमारियो शेफर्ड और क्रुणाल पांड्या ऑलराउंडर के रूप में अहम होंगे। गेंदबाजी में भुवनेश्वर कुमार, रसिख सलाम और जैकब डफी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
सनराइजर्स हैदराबाद की ताकत उसका मजबूत टॉप ऑर्डर है, जिसमें अभिषेक शर्मा, ट्रैविस हेड और ईशान किशन शामिल हैं। हेनरिक क्लासेन पिछले सीजन में टीम के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज थे। फिनिशर के तौर पर अनिकेत वर्मा और लियम लिविंगस्टन से उम्मीदें हैं। हालांकि, टीम का बॉलिंग यूनिट कुछ कमजोर दिख रहा है, जिसमें ईशान मलिंगा, हर्षल पटेल और जयदेव उनादकट तेज गेंदबाजी की कमान संभालेंगे।
प्रमुख खिलाड़ियों की अनुपस्थिति और संभावित प्लेइंग-12
RCB के लिए यश दयाल पूरे टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं, जबकि जोश हेजलवुड शुरुआती मैच नहीं खेलेंगे। SRH के कप्तान पैट कमिंस भी चोट के कारण शुरुआती मैच नहीं खेल पाएंगे और उनकी जगह ईशान किशन कप्तानी करते नजर आएंगे। जैक एडवर्ड्स चोटिल होकर बाहर हो गए हैं और उनकी जगह डेविड पेन को शामिल किया गया है। श्रीलंका के ईशान मलिंगा भी शुरुआती मैच मिस करेंगे।
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु:विराट कोहली, फिल सॉल्ट, वेंकटेश अय्यर, रजत पाटीदार (कप्तान), क्रुणाल पंड्या, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), टिम डेविड, रोमारियो शेफर्ड, सुयश शर्मा, भुवनेश्वर कुमार, रसिख सलाम।
सनराइजर्स हैदराबाद:ट्रैविस हेड, अभिषेक शर्मा, ईशान किशन (कप्तान), हेनरिक क्लासन (विकेटकीपर), नीतीश कुमार रेड्डी, लियम लिविंगस्टन, अनिकेत वर्मा, हर्षल पटेल, हर्ष दुबे, जीशान अंसारी, जयदेव उनादकट।
पिच और मौसम रिपोर्ट
एम चिन्नास्वामी स्टेडियम की पिच बल्लेबाजों के लिए अनुकूल मानी जाती है, जहां गेंद आसानी से बल्ले पर आती है और छोटी बाउंड्री के कारण बड़े स्कोर बनते हैं। हालांकि, मैच की शुरुआत में तेज गेंदबाजों को थोड़ी मदद मिल सकती है। स्पिनर्स को यहां ज्यादा टर्न नहीं मिलता है। इस स्टेडियम में 100 IPL मैच खेले गए हैं, जिसमें पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम ने 43 और पहले गेंदबाजी करने वाली टीम ने 53 मैच जीते हैं। यहां का उच्चतम स्कोर 287/3 है जो SRH ने RCB के खिलाफ ही बनाया था। बेंगलुरु में मैच के दौरान बारिश की 3% संभावना है, तापमान 20 से 32 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की उम्मीद है।
मैच कहां देखें?
IPL मैचों का सीधा प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर होगा। इसकी लाइव स्ट्रीमिंग जियो हॉटस्टार ऐप और वेबसाइट पर भी उपलब्ध रहेगी। मैच के स्कोर और सभी अपडेट्स दैनिक भास्कर ऐप पर देखे जा सकते हैं।
Pushpendra Chaubey