इटारसी में तेज रफ्तार कार नहर में गिरी, 3 युवकों की दर्दनाक मौत

· 1 min read
इटारसी  में  तेज रफ्तार कार  नहर में गिरी,  3 युवकों की दर्दनाक मौत

इटारसी में कार नहर में गिरी, 3 युवकों की दर्दनाक मौत

इटारसी-पथरोटा मार्ग पर शुक्रवार देर रात एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पथरोटा की बड़ी नहर की रेलिंग तोड़ती हुई गहरे पानी में जा गिरी। इस दर्दनाक हादसे में कार में सवार तीनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।

मृतकों की पहचान

मृतकों की पहचान रसलपुर निवासी लकी पटेल (30) पिता भवानी शंकर, खीर पानी निवासी शिवम तिवारी (39) पिता महेश तिवारी और जय प्रकाश नगर, पुरानी इटारसी निवासी अभि चौहान (19) पिता राकेश चौहान के रूप में हुई है।

हादसे का आँखों देखा हाल और बचाव का संघर्ष

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ग्रे रंग की कार इटारसी की ओर से आ रही थी और अचानक पुल की रेलिंग को तोड़कर सीधे नहर में समा गई। एसडीआरएफ की प्लाटून कमांडर अमृता दीक्षित ने बताया कि कार सवार युवक बचने के लिए शीशे खोलने की कोशिश कर रहे थे और मदद के लिए चिल्ला भी रहे थे, लेकिन कार लॉक हो गई और वे गहरे पानी में डूब गए।

रेस्क्यू ऑपरेशन

लोगों ने कार को पानी में डूबते देख तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही इटारसी और पथरोटा पुलिस मौके पर पहुंची। हादसे के तुरंत बाद एक स्थानीय युवक ने अपनी जान की परवाह किए बिना नहर में कूदकर कार सवारों को बचाने की कोशिश की, लेकिन गहराई और तेज बहाव के कारण वह सफल नहीं हो सका। हालात को देखते हुए नर्मदापुरम से एसडीआरएफ की टीम को बुलाया गया। करीब ढाई घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद कार को नहर से बाहर निकाला जा सका, जिसके दरवाजे खोलने पर तीनों युवक मृत हालत में मिले। एसडीआरएफ कमांडर अमृता दीक्षित ने पुष्टि की कि युवकों ने बाहर निकलने के लिए संघर्ष किया था, जिसके निशान कांच तोड़ने की कोशिश के रूप में मिले हैं।

पारिवारिक पृष्ठभूमि

परिजनों के अनुसार, तीनों कार से सिवनी मालवा गए थे और लौटते समय यह हादसा हुआ। मृतक शिवम तिवारी के पिता महेश ने बताया कि शिवम उनका बड़ा बेटा था और उन्हें हादसे की सूचना सुबह करीब 6 बजे मिली। अभि के पिता राकेश चौहान ने बताया कि रात में उनकी बेटे से फोन पर बात हुई थी और अभि ने घर लौटने की जानकारी दी थी। अभि परिवार का इकलौता बेटा था। लकी पटेल के पिता की पहले ही मौत हो चुकी थी और कुछ साल पहले उनके बड़े भाई की भी नर्मदा में डूबने से मौत हो गई थी। लकी की मां वर्तमान में वैष्णो देवी यात्रा पर हैं।

Gulzar Ahmad