जैसलमेर-जोधपुर हाईवे पर चलती बस में आग, 15 से ज्यादा मौत की आशंका

· 1 min read
जैसलमेर-जोधपुर हाईवे  पर चलती बस में आग, 15 से ज्यादा मौत की आशंका

जैसलमेर-जोधपुर हाईवे पर चलती बस में आग, 15 से ज्यादा मौत की आशंका

राजस्थान के जैसलमेर-जोधपुर हाईवे पर मंगलवार दोपहर एक बड़ा हादसा हुआ। दोपहर करीब 3:30 बजे एक एसी स्लीपर बस में अचानक आग लग गई। बस में कुल 57 लोग सवार थे, जिसमें से 16 लोग बुरी तरह झुलस गए। इनमें 2 बच्चे और 4 महिलाएं शामिल हैं। एक व्यक्ति की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि 15 से अधिक लोगों के मरने की आशंका जताई जा रही है।

नगर परिषद के असिस्टेंट फायर ऑफिसर कृष्णपाल सिंह राठौड़ ने बताया कि अधिकांश यात्री 70 प्रतिशत तक झुलस गए हैं। आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। आग इतनी भयंकर थी कि बस पूरी तरह जलकर खाक हो गई। बस की बॉडी अब भी इतनी गर्म है कि शवों को निकालने में दिक्कत हो रही है।

झुलसे हुए यात्रियों को तीन एंबुलेंस के जरिए जैसलमेर के जवाहिर अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें जोधपुर रेफर किया गया। हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण और राहगीर राहत कार्य में जुट गए। दमकल विभाग और पुलिस को भी तुरंत जानकारी दी गई।

यह हादसा जैसलमेर के थईयात गांव के पास हुआ, जब बस जैसलमेर से जोधपुर की ओर जा रही थी। बस के पिछले हिस्से से धुआं उठता देखा गया और देखते ही देखते आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद यात्री जान बचाने के लिए चलती बस से कूदने लगे।

कलेक्टर प्रताप सिंह ने बताया कि हादसे के चार घंटे बाद भी बस की बॉडी गर्म है। हादसे से जुड़ी अधिक जानकारी जुटाई जा रही है।