जेफ्री एपस्टीन सेक्स स्कैंडल फाइलें कल खुलेंगी, पावरफुल हस्तियों की पूरी लिस्ट सार्वजनिक

· 1 min read
जेफ्री एपस्टीन सेक्स स्कैंडल फाइलें कल खुलेंगी, पावरफुल हस्तियों की पूरी लिस्ट सार्वजनिक

जेफ्री एपस्टीन सेक्स स्कैंडल फाइलें सार्वजनिक होने को तैयार

अमेरिका में ट्रम्प प्रशासन 19 दिसंबर को कुख्यात यौन अपराधी जेफ्री एपस्टीन से जुड़ी दशकों पुरानी सरकारी फाइलें सार्वजनिक करने की तैयारी में है। इन फाइलों में हजारों पन्नों के दस्तावेज, करीब 95 हजार तस्वीरें, बैंक रिकॉर्ड और कई प्रभावशाली शख्सियतों से जुड़े संदर्भ शामिल हैं।

फाइलों में क्या-क्या होगा सार्वजनिक

इन फाइलों के खुलने के बाद यह स्पष्ट हो सकता है कि एपस्टीन ने किन लोगों के साथ मिलकर नाबालिग लड़कियों का यौन शोषण किया और यह नेटवर्क कैसे चलता रहा। लंबे समय से लोग एपस्टीन की आलीशान जीवनशैली, नाबालिग लड़कियों के यौन शोषण और तस्करी के आरोपों के साथ-साथ अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प, पूर्व राष्ट्रपति बिल क्लिंटन, मशहूर हस्तियों और विदेशी नेताओं से उसके संबंधों को लेकर उत्सुक रहे हैं।

सरकार को कौन-कौन सी जानकारी देनी होगी

फाइलें जारी करने के बाद सरकार को जनता को यह बताना अनिवार्य होगा कि दस्तावेजों के कौन-कौन से हिस्से काले किए गए हैं और ऐसा क्यों किया गया। साथ ही यह भी स्पष्ट करना होगा कि किस प्रकार की सामग्री सार्वजनिक की गई और किस प्रकार की सामग्री जारी नहीं की गई।

इसके अलावा सरकार को उन सभी सरकारी अधिकारियों और राजनीतिक रूप से प्रभावशाली व्यक्तियों की पूरी सूची भी जारी करनी होगी जिनका नाम या किसी भी तरह का जिक्र इन फाइलों में आता है। कानून के अनुसार यह सारी जानकारी फाइलें जारी होने के 15 दिनों के भीतर सार्वजनिक करनी होगी।

पहले से क्या-क्या सामने आ चुका है

पिछले लगभग 20 वर्षों में एपस्टीन के यौन अपराधों से जुड़े हजारों दस्तावेज दीवानी मुकदमों और सूचना के अधिकार जैसी प्रक्रियाओं के माध्यम से पहले ही सामने आ चुके हैं। इनमें गिसलेन मैक्सवेल का 2021 का आपराधिक ट्रायल, जस्टिस डिपार्टमेंट की रिपोर्टें और कई दीवानी मुकदमों के कागजात शामिल हैं।

इस साल की शुरुआत में जस्टिस डिपार्टमेंट और एफबीआई में ट्रम्प के नियुक्त अधिकारियों ने एपस्टीन से जुड़ी कुछ सीक्रेट फाइलें जारी की थीं, लेकिन उनमें ज्यादातर जानकारी पहले से ही पब्लिक डोमेन में थी, जिसके कारण इस रिलीज की काफी आलोचना हुई। हाल ही में हाउस ओवरसाइट कमेटी ने 12 दिसंबर को एपस्टीन की संपत्ति से जुड़े कई दस्तावेज और तस्वीरें भी जारी कीं।

कानून के तहत क्या-क्या छिपाया जा सकता है

फोर्ब्स की रिपोर्ट के अनुसार कानून में स्पष्ट रूप से कहा गया है कि किसी दस्तावेज को सिर्फ इस आधार पर नहीं रोका जा सकता कि उससे किसी को शर्मिंदगी होगी, किसी की छवि खराब होगी या वह राजनीतिक रूप से संवेदनशील है। यह नियम सभी पर लागू होता है, चाहे वे सरकारी अधिकारी हों, बड़े नेता हों या विदेशी हस्तियां।

हालांकि कुछ खास परिस्थितियों में दस्तावेजों के कुछ हिस्से छिपाने की अनुमति है। इसमें पांच प्रकार की सामग्री शामिल हैं: पीड़ितों की निजी पहचान से जुड़ी जानकारी, बच्चों के यौन शोषण से जुड़ी सामग्री, शारीरिक हिंसा को दिखाने वाली सामग्री, ऐसी जानकारी जो चल रही जांच को प्रभावित कर सकती हो और ऐसी जानकारियां जिन्हें राष्ट्रीय सुरक्षा या विदेश नीति के कारण गोपनीय रखना जरूरी हो।

ट्रम्प प्रशासन पर जानकारी छिपाने के आरोप

जानकारी छिपाते समय सरकार को यह साफ करना होगा कि कौन सा हिस्सा किस आधार पर रोका गया है। ट्रम्प प्रशासन के विरोधियों का मानना है कि सरकार इन कानूनी अपवादों का सहारा लेकर कुछ फाइलें रोक सकती है। ऐसा इसलिए कहा जा रहा है क्योंकि अमेरिकी न्याय विभाग ने एपस्टीन के संबंधों को लेकर नई जांच शुरू की है, जिसमें पूर्व राष्ट्रपति बिल क्लिंटन, डेमोक्रेट पार्टी के बड़े दानदाता रीड हॉफमैन, अर्थशास्त्री लैरी समर्स और जेपी मॉर्गन चेज जैसे नाम जांच के दायरे में बताए जा रहे हैं।

चूंकि यह जांच एपस्टीन से जुड़े लोगों के रिश्तों पर केंद्रित है, इसलिए आशंका जताई जा रही है कि सरकार इस जांच का हवाला देकर उसके प्रभावशाली परिचितों से जुड़ी कुछ जानकारी फिलहाल सार्वजनिक न करे। सीएनएन के अनुसार एफबीआई को एपस्टीन के मैनहटन स्थित घर से हजारों नग्न या अर्धनग्न युवतियों की तस्वीरें मिली थीं, जिन्हें सार्वजनिक नहीं किया जाएगा।

एपस्टीन की संपत्ति से जारी तस्वीरें और विवाद

एपस्टीन की संपत्ति से हाल में जारी 19 तस्वीरों में नौ प्रमुख हस्तियों के नाम सामने आए हैं। ये तस्वीरें किसी को सीधे तौर पर अपराधी साबित नहीं करतीं, लेकिन उन्हें एपस्टीन के साथ दिखाती हैं, जिससे विवाद और सवाल और गहरे हो गए हैं।

इससे पहले 12 दिसंबर को जारी तस्वीरों में डोनाल्ड ट्रम्प, पूर्व राष्ट्रपति बिल क्लिंटन और अरबपति बिल गेट्स जैसी हस्तियों के एपस्टीन से जुड़े चित्र सामने आ चुके हैं। इन सबके बीच 19 दिसंबर को होने वाली फाइलों की व्यापक रिलीज को एपस्टीन के नेटवर्क की वास्तविक संरचना और उससे जुड़े ताकतवर लोगों की भूमिका पर अधिक रोशनी डालने वाले कदम के रूप में देखा जा रहा है।

Sachin Saxena