जम्मू-कश्मीर के सरकारी स्कूलों में विवादित किताबें बांटने पर FIR
किताबों में आतंकी हाफिज सईद और अलगाववादी नेता को महान बताया गया
जम्मू-कश्मीर के सरकारी स्कूलों की लाइब्रेरी के लिए खरीदी गई दो किताबों में मुंबई हमलों के मास्टरमाइंड आतंकी हाफिज सईद और अलगाववादी नेता मकबूल भट को महान हस्तियां बताया गया है। इस मामले में UAPA के तहत FIR दर्ज की गई है।
पुलिस ने दर्ज की FIR, छापेमारी शुरू
पुलिस की काउंटर इंटेलिजेंस विंग ने शनिवार को FIR दर्ज कर छापेमारी शुरू कर दी है। विवादित किताबों में 'पर्सनैलिटीज एंड लीजेंड्स ऑफ J&K' और 'ग्रेट पर्सनैलिटी ऑफ जम्मू-कश्मीर' शामिल हैं।
BJP ने उठाई कार्रवाई की मांग
भाजपा ने इसे एकेडमिक जिहाद बताते हुए किताबों पर प्रतिबंध और जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की है। पार्टी ने मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला से शिक्षा मंत्री के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग की।
शिक्षा विभाग ने किताबें वापस मंगाईं, 8 अधिकारी निलंबित
विवाद बढ़ने पर स्कूल शिक्षा विभाग ने किताबें वापस लेने का आदेश दिया। उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने 8 अधिकारियों को निलंबित कर दिया और एक संविदा कर्मचारी की सेवा समाप्त की गई। लेखकों और प्रकाशकों को ब्लैकलिस्ट कर दिया गया है।
UAPA सहित कई धाराओं में मामला दर्ज
पुलिस ने BNS की विभिन्न धाराओं और UAPA की धारा 13 के तहत मामला दर्ज किया है। जांच के दौरान प्रकाशक के कार्यालय से दस्तावेज और डिजिटल सबूत जब्त किए गए हैं। फिलहाल किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
Pushpendra Chaubey