जन सुराज ने बिहार चुनाव के लिए दूसरी सूची जारी की
जन सुराज पार्टी ने बिहार विधानसभा चुनाव के लिए अपने 65 उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी की है। यह घोषणा सोमवार को बेली रोड स्थित शेखपुरा हाउस में हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में की गई, जिसमें राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय सिंह और प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती ने भाग लिया।
कटिहार से पांच उम्मीदवार घोषित
इस सूची में कटिहार जिले की पांच विधानसभा सीटों के लिए उम्मीदवारों के नाम शामिल हैं। कोढ़ा से निर्मल कुमार राज, कटिहार सदर से डॉ. गाजी शारिक, मनिहारी से बबलू सोरेन, बलरामपुर से अशब आलम और कदवा से मोहम्मद शहरयार को प्रत्याशी बनाया गया है।
कदवा के उम्मीदवार मोहम्मद शहरयार
कदवा विधानसभा सीट से मोहम्मद शहरयार को उम्मीदवार घोषित किया गया है। वे लंबे समय से राजनीति से जुड़े रहे हैं और 25 वर्षों तक कांग्रेस पार्टी में कार्यरत थे। उन्होंने ढाई साल पहले जन सुराज पार्टी जॉइन की थी। शहरयार सामाजिक कार्यों में भी सक्रिय हैं और 2010 से अल मदद वैलफेयर सोसाइटी के सेक्रेट्री पद पर कार्यरत हैं।
भ्रष्टाचार मुक्त क्षेत्र का वादा
शहरयार ने कहा कि अगर वे जीतते हैं, तो उनकी प्राथमिकता कदवा में भ्रष्टाचार खत्म करना होगी। उन्होंने बलिया बेलोन को प्रखंड बनाने और रैया पुर घाट में पुल निर्माण कराने का वादा किया। इसके अलावा, किसानों को मजदूरी की व्यवस्था और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर भी काम करने का आश्वासन दिया।
इस सूची में 19 सुरक्षित सीटें और 46 सामान्य सीटों के उम्मीदवारों के नाम शामिल हैं, जिनमें विभिन्न वर्गों का प्रतिनिधित्व सुनिश्चित किया गया है।